App

समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, दुकान बंद कर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी FSL की टीम

बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी राजेश कुमार पोद्दार की गोली मारकर हत्या कर दी है. दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव में सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, दुकान बंद कर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी FSL की टीम
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार के समस्तीपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर आपराधिक घटना को अंजाम दिया है. यहां दुकान बंद कर घर लौट रहे एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव के वार्ड संख्या-9 में काली स्थान के समीप की है, जहां सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान घाट नवादा निवासी राजकुमार पोद्दार के पुत्र राजेश कुमार पोद्दार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की हत्या

मिली जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार पोद्दार काली चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर पगड़ा गांव के वार्ड संख्या-13 में बने अपने नवनिर्मित मकान लौट रहे थे. इसी दौरान काली स्थान के समीप पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. गोली लगने से उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटनास्थल से दो खोखे और एक गोली बरामद

इस घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. वहां से दो खोखे और एक गोली बरामद किए जाने की जानकारी मिली है. पुलिस ने मामले की जांच के दौरान मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की. फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

ग्रामीण SP ने कहा जल्द होगा हत्या का खुलासा

घटना के संबंध में समस्तीपुर के ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई थी. स्वर्ण व्यवसायी की दो गोलियां मारकर हत्या की गई है. फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. उन्होंने बताया कि व्यवसायी की मोटरसाइकिल पर रखा सामान यथावत मिला है. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने पहुंचकर तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं. ग्रामीण एसपी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा.

रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More