MLC चुनाव में राजद को सता रहा वोट चोरी का डर, भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल पहुंचा निर्वाचन आयोग, बोला- ख्याल रखिए
बिहार एमएलसी चुनाव की वोटिंग समाप्त हो चुकी है. अब मतगणना 27 अक्टूबर दिन मंगलवार को होगी. इससे पहले राजद का प्रतिनिधि मंडल निर्वाचन आयोग पहुंचा और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर ज्ञापन सौंपा.
राजद का प्रतिनिधि मंडल विधायक भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग पहुंचा. इस प्रतिनिधि मंडल ने विधान परिषद चुनाव की मतगणना को लेकर वोट चोरी की आशंका जताई. साथ ही परिषद चुनाव की मतगणना सही कराने की मांग की है. इतना ही नहीं, मतगणना में गड़बड़ी की भी आशंका जताई है.
'मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए'
वहीं, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि जैसे पिछले चुनाव में वोट चोरी हुआ, वैसे ही परिषद चुनाव में वोट चोरी ना हो उसका ख्याल रखे. मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए.
राजद के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा
पटना में निर्वाचन आयोग से मिलने वाले राजद प्रतिनिधि मंडल में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉक्टर संजीव, राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू के साथ कई और नेता मौजूद रहे. इन्हीं नेताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा.
राजद विधायक रणविजय साहू ने मुलाकात के बाद बताया कि प्रतिनिधिमंडल चुनावी मतगणना को लेकर अपनी शंकाओं और चिंताओं से निर्वाचन पदाधिकारी को अवगत कराने पहुंचा था. उन्होंने कहा कि पार्टी चाहती है कि मतगणना पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हो, ताकि किसी भी तरह के संदेह की गुंजाइश नहीं रहे.
रणविजय साहू ने कहा कि राजद को आशंका है कि लंबित मतों को लंबे समय तक स्पष्ट नहीं किए जाने से मतगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठ सकते हैं. उन्होंने मांग की कि लंबित मतों की स्थिति पहले राउंड में ही स्पष्ट कर दी जाए और उसके बाद ही दूसरे राउंड की मतगणना शुरू की जाए.
विधायक ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि मतगणना पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी. निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी कहा कि इस संबंध में सर्कुलर जारी किया गया है और मतगणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई जाएगी.
प्रतिनिधिमंडल ने मतगणना की प्रक्रिया को स्पष्ट, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा. राजद नेताओं ने निर्वाचन पदाधिकारी से आग्रह किया कि मतगणना के दौरान सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए और लंबित मतों को लेकर किसी तरह की अस्पष्टता न रहे.
साहू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने लोकतंत्र की रक्षा और संविधान की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से निर्वाचन पदाधिकारी का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित कराया है. उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से दिए गए आश्वासन के अनुसार मतगणना निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी. चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है.
इनपुट आईएएनएस के साथ
यह भी पढ़ें: 'NDA में गए RJD विधायकों की हालत खराब', अनंत सिंह के पार्टी में शामिल होने से तेजस्वी ने किया इनकार