SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छठ पर राज ठाकरे के बयान से भड़की बिहार की सियासत, राजद विधायक राहुल कुमार ने दी खुली चेतावनी

छठ पूजा को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के विवादित बयान पर जहानाबाद से राजद विधायक राहुल कुमार ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि बिहारी मजदूरों के महाराष्ट्र छोड़ने से वहां की अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 17, 2026, 23:09 IST | Updated: Nov 17, 2026, 23:17 IST
Image Credit: राहुल कुमार, राजद विधायक
Join

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के विवादित बयान ने बिहार की सियासत गरमा दी है. उनके बयान पर अब जहानाबाद से राजद विधायक राहुल कुमार ने तीखा पलटवार किया है. विधायक ने राज ठाकरे पर धर्म के नाम पर सस्ती राजनीति करने और बिहारियों के प्रति तुच्छ मानसिकता रखने का आरोप लगाया है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बिहारी कामगार महाराष्ट्र छोड़ दें, तो नागपुर से लेकर मुंबई तक की अर्थव्यवस्था चरमरा जाएगी.

बिहारी मजदूरों के बिना महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा असर

राजद विधायक राहुल कुमार ने राज ठाकरे को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि छठ पूजा किसी एक वर्ग या धर्म का पर्व नहीं, बल्कि हर बिहारी की आत्मा और भावनाओं से जुड़ा महापर्व है. उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान देने वाले लोग धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं और उनके मन में बिहारियों के प्रति तुच्छ भावना रहती है. हालांकि, वे यह नहीं जानते कि अगर बिहारी महाराष्ट्र छोड़ दें, तो वहां की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो जाएगी. मशीनों से बहुत से काम किए जा सकते हैं, लेकिन बिहार के मजदूर वहां जो काम कर रहे हैं, उनकी जगह मशीनें नहीं ले सकतीं.

ये भी पढ़ें: जहानाबाद में शोले के वीरू स्टाइल में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा नशेड़ी युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

कोरोना काल की याद दिलाकर राज ठाकरे को दी नसीहत

विधायक राहुल कुमार ने राज ठाकरे को कोरोना काल की याद दिलाते हुए कहा कि जब बिहारी मजदूर महाराष्ट्र से वापस बिहार लौट आए थे, तब नागपुर से लेकर मुंबई तक की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो गई थी. उस समय मजदूरों को वापस बुलाने के लिए विशेष विमान तक भेजे गए थे. उन्होंने राज ठाकरे को सलाह दी कि इस तरह का बयान देने से पहले उन्हें मराठी मानुष और वहां के उद्योगपतियों से बात करनी चाहिए.

बिहारियों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा

राहुल कुमार ने आगे कहा कि अगर बिहार में उनकी सरकार होती, तो वे मजदूर भाइयों से आग्रह करते कि सरकार उनकी देखभाल करेगी और उन्हें तीन महीने तक बाहर जाने की जरूरत नहीं है. इसके बाद महाराष्ट्र के लोग खुद घुटने टेककर उनसे वापस लौटने की आरजू-विनती करते. उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहारियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES