App

सारण जिले के सोनपुर में युवक का सिर फटने पर बवाल, पुलिस बोली- 'छेड़खानी की शिकायत पर गए थे'

सोनपुर में पुलिस की पिटाई से युवक का सिर फटने के आरोप लगा है. एक वायरल वीडियो को लेकर एसएसपी ने स्पष्टीकरण दिया है. महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर पुलिस वहां पहुंची थी, और मामले में तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है.

सारण जिले के सोनपुर में युवक का सिर फटने पर बवाल, पुलिस बोली- 'छेड़खानी की शिकायत पर गए थे'
Image Credit: सोनपुर में युवकों का सिर फटने पर बवाल (जी मीडिया)

सारण जिले के सोनपुर में पुलिस की पिटाई के दौरान युवकों के सिर फटने का मामला सामने आने के बाद वायरल वीडियो को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी सफाई दी है. इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), सारण के कार्यालय की ओर से बुधवार, 21 अक्टूबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना के संबंध में पुलिस का पक्ष रखा गया. पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब सोनपुर थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी पंडाल निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात थे.

महिलाओं ने पुलिस को दी थी सूचना

प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इसी दौरान पंडाल में मौजूद कुछ महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी कि गोला बाजार स्थित अंडरपास के पास कुछ असामाजिक तत्व उनके साथ छेड़खानी कर रहे हैं. महिलाओं ने पुलिस से सहायता मांगी और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का अनुरोध किया. शिकायत मिलने पर सोनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस की गाड़ी देखते ही भागने लोग

पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि गोला बाजार स्थित अंडरपास में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण पुलिस वाहन को देखकर वहां मौजूद कुछ युवक इधर-उधर भागने लगे. मिली जानकारी के अनुसार, इनमें अधिकांश नाबालिग बताए जा रहे हैं. आरोप है कि इन युवकों ने महिलाओं के आवागमन के दौरान छेड़खानी की थी और तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाने से भी महिलाओं को परेशानी हो रही थी.

इसी दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे एक युवक के सिर में चोट लगने की बात सामने आई. इसके बाद उक्त युवक पंडाल के पास पहुंचकर थानाध्यक्ष के साथ बहस करने लगा और तू-तू, मैं-मैं की स्थिति उत्पन्न हो गई. पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि मामले में आवश्यक तथ्यों का सत्यापन करते हुए अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.

वायरल वीडियो के बाद पुलिस की सफाई

सोनपुर की इस घटना से संबंधित वायरल वीडियो में युवक के सिर में चोट दिखाई देने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, पुलिस प्रशासन ने अपने बयान में महिलाओं से छेड़खानी की शिकायत और मौके पर पुलिस के पहुंचने की परिस्थितियों का उल्लेख किया है. हालांकि, घटना के दौरान युवक को चोट कैसे लगी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच और चोट लगने की परिस्थितियों का सत्यापन महत्वपूर्ण है.

सारण पुलिस ने आम लोगों से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करनेऔर किसी भी तरह की छेड़खानी या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने को देने की अपील की है. साथ ही, पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी घटना का वीडियो या अपुष्ट जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.

रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More