SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बाढ़ पर गरमाई राजनीति: तेजस्वी बोले- 'गुजरात में नाले में पानी भरे तो PM पहुंचते हैं, बिहार के लिए एक शब्द तक नहीं निकला'

बिहार में बाढ़ पर राजनीति देखने को मिल रही है. तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है. तेजस्वी ने कहा कि राज्य में बाढ़ के कारण 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, हजारों मवेशी लापता हैं और हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Sep 14, 2026, 03:55 PM IST | Updated: Sep 14, 2026, 04:22 PM IST
Image Credit: बिहार में बाढ़ पर तेजस्वी ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना (फाइल फोटो)
Join

राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गुजरात और बिहार के प्रति उसके रवैये में भेदभाव का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि गुजरात में बारिश से भी स्थिति बिगड़ने पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री सक्रिय हो जाते हैं, लेकिन बिहार में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं और बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है, इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से कोई ठोस सहायता नहीं मिली है. तेजस्वी यादव ने सोमवार (14 सितंबर) को जारी एक बयान में कहा कि गुजरात के किसी नाले में भी बारिश का पानी बढ़ जाता है तो प्रधानमंत्री वहां पहुंच जाते हैं और उसे आपदा घोषित कर हजारों करोड़ रुपये का पैकेज दे दिया जाता है.

तत्काल 500 करोड़ रुपये का पैकेज
उन्होंने दावा किया कि इसी वर्ष 23 जुलाई को गुजरात में बारिश के कारण एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की और एयरफोर्स और एनडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया. राजद नेता ने कहा कि कुछ वर्ष पहले गुजरात में बाढ़ आने पर प्रधानमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण किया था और तत्काल 500 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया था. राहत एवं बचाव कार्यों में सेना, एयरफोर्स और एनडीआरएफ की टीमें लगाई गई थीं तथा प्रभावित लोगों को दो-दो लाख रुपये की सहायता दी गई थी. इसके विपरीत बिहार की स्थिति का उल्लेख करते हुए तेजस्वी ने कहा कि राज्य में बाढ़ के कारण 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, हजारों मवेशी लापता हैं और हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

ठनका गिरने से होने वाली मौतों का उठाया मुद्दा
उनके अनुसार करीब 45 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, लेकिन सहायता तो दूर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मुंह से बिहार के लिए एक शब्द तक नहीं निकला है. उन्होंने सवाल किया कि क्या केंद्र सरकार बिहार के मुख्यमंत्री को हल्का समझती है. तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गुजरात में बारिश होने पर केंद्र सरकार सक्रिय हो जाती है, जबकि बिहार में सैकड़ों लोगों की मौत और लाखों लोगों के प्रभावित होने के बावजूद केंद्र की ओर से अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है. 

तेजस्वी ने ठनका गिरने से होने वाली मौतों का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि बिहार में हर वर्ष ठनका गिरने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत होती है, लेकिन इसे राष्ट्रीय आपदा की सूची में शामिल नहीं किया गया है और केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए मुआवजा नहीं दिया जाता. उन्होंने दावा किया कि गुजरात में बारिश से होने वाली मौत पर केंद्र की ओर से दो लाख रुपये की सहायता दी जाती है. राजद नेता ने कहा कि पहले बिहार में आपदा आने पर राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार बिहार के हक के लिए एकजुट होकर केंद्र के सामने आवाज उठाते थे.

तेजस्वी ने भाजपा पर साधा निशाना
उन्होंने आरोप लगाया कि आज बिहार के 30 सांसद और आठ केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद कोई बिहार के अधिकार के लिए आवाज नहीं उठा रहा है. तेजस्वी ने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद वह बाढ़ राहत के लिए पहले दिन से केंद्र सरकार पर दबाव बना रहे हैं और प्रधानमंत्री को पत्र भी लिख चुके हैं. उन्होंने कहा कि यदि केंद्र से पैकेज मिलता है तो वह बिहार सरकार को ही मिलेगा, ऐसे में इसमें उनका कोई व्यक्तिगत लाभ नहीं है. 

उन्होंने कहा कि अगर उनका दृष्टिकोण नकारात्मक होता तो वह केंद्र से सहायता के लिए दबाव क्यों बनाते. उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहारियों के लिए यह शर्म की बात है कि 45 लाख लोग प्रभावित होने के बावजूद केंद्र से सहायता, सहयोग और उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि बिहार ने हमेशा अपने अधिकारों के लिए केंद्र सरकार को झुकाया है, लेकिन अब भाजपा के फेर में बिहार खुद झुक रहा है. उन्होंने लोगों से राजनीति से अलग होकर यह सवाल पूछने की अपील की कि आखिर बिहार के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES