)
पटना: पीएमसीएच में अब एक साथ 2,500 बेड पर मरीजों का आधुनिक सुविधाओं के साथ इलाज होगा. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पुनर्विकास योजना के पहले चरण के तहत नवनिर्मित टावर-3 का उद्घाटन करते हुए ये बातें कहीं. उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस आधुनिक चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित करना है. उन्होंने उद्घाटन के बाद नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों के पंजीकरण, उपचार व्यवस्था तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सभी सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने टावर-3 के भूतल पर ओपीडी मरीजों के पंजीकरण के लिए बनाए गए कियोस्क और काउंटर की व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने अल्पाहार गृह सहित मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की.
मुख्यमंत्री ने भवन के पांचवें तल पर पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीकू) का उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने प्रतीक्षालय, स्त्री रोग एवं प्रसूति आईसीयू, नर्स स्टेशन, उपचार कक्ष और प्रसवोत्तर वार्ड का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
छठे तल पर स्थित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर-22 का भी उन्होंने निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न शल्य चिकित्सा कक्षों और स्त्री रोग से संबंधित ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने प्रथम तल पर स्थित रेडियोलॉजी विभाग का जायजा लेते हुए चिकित्सा सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए, ताकि मरीजों के उपचार में किसी तरह की बाधा न आए. उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, सुविधाओं के रखरखाव और मरीजों एवं उनके परिजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. साथ ही, पुनर्विकास योजना के तहत शेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने अस्पताल के भूतल पर बाल मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण भी किया. इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया और संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
-आईएएनएस