App

नहीं करना चाहते बिजली बिल का भुगतान, तो अंशुमन से सीखिए... कैसे किया 'ZERO BILL'

कभी महंगे बिजली बिल से परेशान अंशुमन सिंह अब कोई भुगतान नहीं करते. उन्होंने कहा कि PM Surya Ghar Yojana के तहत अपने घर पर 5 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया हुआ है, जिससे उन्हें काफी लाभ मिल रहा है. अगर आप भी भारी-भरकम बिजली बिल से परेशान हैं, तो ये खबर आपके लिए हैं.

नहीं करना चाहते बिजली बिल का भुगतान, तो अंशुमन से सीखिए... कैसे किया  'ZERO BILL'
Image Credit: अंशुमन सिंह ने पेश की अनोखी मिसाल (फाइल फोटो)

हर महीने के अंत में जब बिजली का बिल हाथ में आता है, तो एक आम मिडिल क्लास इंसान के माथे पर चिंता की लकीरें  खिंच जाती हैं. बढ़ती गर्मी से राहत पाने के लिए घरों में पंखे, कूलर और एसी का इस्तेमाल अब हमारी रोजमर्रा की मजबूरी बन गया है. लेकिन इन सुविधाओं के साथ जब महीने के अंत में भारी-भरकम बिजली बिल आता है, तो एक आम आदमी का पूरा बजट बिगड़ जाता है. लेकिन जरा सोचिए, क्या हो अगर आपका बिजली का बिल अचानक से जीरो आने लगे. जी हां, यह कोई सपना या जादू नहीं है. भारत सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आज आम आदमी के इसी सपने को पूरी तरह साकार कर रही है.

अंशुमन सिंह ने पेश की अनोखी मिसाल

इस योजना के तहत लोग अपने घर की खाली छत पर सोलर पैनल लगाकर न सिर्फ अपनी बिजली की जरूरतें खुद पूरी कर रहे हैं, बल्कि हर महीने आने वाले महंगे बिल के बोझ से हमेशा के लिए आजाद हो रहे हैं. इस योजना ने कैसे एक आम परिवार की जिंदगी में सुकून भरा है, इसकी एक शानदार मिसाल पेश कर रहे हैं बांका जिले के अंशुमन सिंह.

अब मेरा बिजली बिल जीरो हो गया है

बांका जिले के जगतपुर गांव के रहने वाले अंशुमन सिंह के चेहरे पर आज एक अलग ही सुकून नजर आता है. कभी हर महीने बिजली के बढ़ते बिल से परेशान रहने वाले अंशुमन ने समझदारी दिखाते हुए पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाने का फैसला किया.

अंशुमन अपना अनुभव साझा करते हुए बताते हैं- मैंने पीएम सूर्य घर योजना के तहत अपने घर पर 5 किलोवाट का सौर ऊर्जा (सोलर प्लांट) लगाया हुआ है. इस योजना से मुझे काफी लाभ प्राप्त हो रहा है. पहले मेरा बिजली बिल काफी ज्यादा आता था, लेकिन अब मेरा बिजली बिल जीरो  हो गया है.

नेट मीटरिंग में बिजली विभाग ने की पूरी मदद

अक्सर लोगों के मन में यह डर होता है कि सरकारी योजनाओं में कागजी कार्रवाई और विभागों के चक्कर काटने में बहुत परेशानी होगी. लेकिन अंशुमन का अनुभव बिल्कुल अलग और सकारात्मक रहा.

वे बताते हैं कि सोलर प्लांट लगने के बाद नेट मीटरिंग की प्रक्रिया भी बहुत आसानी से पूरी हो गई. अंशुमन कहते हैं- सरकार की इस योजना से मैं काफी लाभान्वित हूं. इसमें बिजली विभाग ने भी मुझे नेट मीटरिंग वगैरह करने में काफी सहायता प्रदान की.

सरकार और विभाग का जताया आभार

अपनी छत को सौर ऊर्जा से रोशन कर चुके अंशुमन आज पूरी तरह से टेंशन-फ्री हैं. उन्होंने इस शानदार पहल और बेहतरीन सुविधाओं के लिए भारत सरकार,बिहार सरकार और बिजली विभाग का आभार व्यक्त किया है.

अंशुमन सिंह की यह कहानी उन लाखों लोगों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो अब भी महंगे बिजली बिलों का बोझ उठा रहे हैं. पीएम सूर्य घर योजना सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि आम आदमी के लिए आत्मनिर्भरता और बचत की एक नई सुबह है.

-प्रेस रिलीज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More