पिछली सरकारों ने गरीबों को लूटा: वैशाली में गरजे पीएम मोदी, RJD-कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी बिहार की जनता को विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इस दौरान पीएम मोदी ने बिना नाम लिए आरजेडी पर जमकर हमला बोला.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली पहुंचे. यहां पीएम मोदी ने 34470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. पीएम मोदी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु का उद्घाटन भी किया. इस दौरान पीएम मोदी ने वैशाली के राजापाकर में जनसभा को भी संबोधित किया. पीएम मोदी ने लोक आस्था के महापर्व छठ का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी माताओं ने कठिन निर्जला व्रत रखकर परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है. अब छठी मैया के आशीर्वाद से हम यहां विकास का महापर्व मना रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधा.
एनडीए सरकार के एक साल पूरे
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में हम सबका साथ, सबका विकास का मंत्र लेकर आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमें लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है. इसलिए आज जब एनडीए सरकार इस कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है तो इस आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है. मैं इस अवसर पर वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करता हूं. उन्होंने एनडीए के सहयोगी दलों, लाखों कार्यकर्ताओं और बिहारवासियों को शुभकामनाएं देता हूं.
नीतीश कुमार ने सुशासन का नया भरोसा दिया
पीएम मोदी ने कहा कि करीब 3 दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी. जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला. नीतीश कुमार इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की, अब नीतीश कुमार के आशीर्वाद से सम्राट चौधरी और उनकी टीम आगे बढ़ा रहे हैं. इसी मौके पर आज यहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ. पीएम मोदी ने कहा कि मुझे भरोसा है कि मेरे मित्र राम विलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि हम उनके सपनों को भी साकार कर रहे हैं.
वैशाली से पटना की दूरी कम हुई
पीएम मोदी ने कहा कि गंगा नदी पर बने दरगाह-बिदुपुर पर छह लेन के केबल ब्रिज को जनता के लिए समर्पित किया गया है. इसका नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है. उन्होंने कहा कि इस ब्रिज के निर्माण से पटना और वैशाली की दूरी कम हो गई है. उन्होंने कहा कि अब फसल, फल और सब्जियों को बड़े बाजार तक पहुंचाना आसान हो जाएगा. यहां के युवाओं को पढ़ाई में, बुजुर्गों को दवाई में बहुत आसानी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़कों का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है. आज औरंगाबाद जाफराबाद सिक्स लेन का लोकार्पण हुआ है.
विकास से बिहार की तस्वीर बदल रही
पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां नौजवानों की भीड़ देखकर मनप्रसन्न हो गया. मेरे बिहार के नौजवान जिनको विकास का महत्व क्या होता है, उसकी पूरी समझ है और इसीलिए इतना उमंग और उत्साह नौजवानों में नजर आ रहा है. उन्होंने कहा कि सैकड़ो करोड़ों रुपये से आज कई प्रोजेक्ट पर बिहार में काम चल रहा है. आज विकास से बिहार की तस्वीर बदल रही है. बक्सर थर्मल पॉवर प्लांट का निर्माण से ऊर्जा के क्षेत्र में विकास हो रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था, जब बिहार के कई गांवों में बिजली नहीं पहुंची थी. आज वही बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बन रहा है. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को आवास की चाबी भी सौंपी गई है.
आरजेडी पर हमला बोला
पीएम मोदी ने कहा कि आज हमारा बिहार लंबी यात्रा कर यहां तक पहुंचा था. आप याद करिए एनडीए सरकार से पहले समय कैसा होता था?. तब गिनती घोटालों की होती थी. आज बिहार में हो रहे निवेश के आंकड़े पेश किए जा रहे हैं. तब आंकड़े अपराधों के आते थे, अब अपराधियों पर कार्रवाई की बात आती है. एनडीए के शासनकाल में विकास की होड़ दिखाई दे रही है. बिहार में डबल इंजन सरकार में बिहार में विकास ही विकास हुए. पिछला एक साल इसका उदाहरण है. उन्होंने कहा कि मोतिहारी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने के लिए नई गन्ना प्रोत्साहन नीति लाई गई है.
200 से ज्यादा नए डिग्री कॉलेज खोले गए
पीएम मोदी ने कहा एक साल में 200 से ज्यादा नए डिग्री कॉलेज शुरू किए गए हैं. बहनों बेटियों के लिए मां सीता महिला महाविद्यालय को मंजूरी दी गई है. बिहार के विकास की लिस्ट इतनी लंबी है कि एक मंच से नहीं गिनाया नहीं जा सकता. बिहार के विकास को यहां आकर ही महसूस किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि जब साफ नीयत से काम हो रहे हैं तो नतीजे भी दिखते हैं. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस देश में दशकों तक कांग्रेस ने गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, गरीबों को गुमराह करती रही, वोट लुटाती रही, वहां 12 साल के भीतर हमने 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला. ये सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का नतीजा है.
लाखों लोगों को महंगे इलाज के बोझ से मुक्त किया
पीएम मोदी ने कहा कि गरीबी के खिलाफ ये लड़ाई देश इसलिए जीत रहा है कि हमने करोड़ों गरीबों के जीवन को आसान बनाया है. उन्हें सुविधाएं देने का काम किया. करोड़ों परिवारों को पक्का मकान देकर उन्हें सुरक्षा का भाव दिया. मुक्त इलाज की गारंटी देकर महंगे इलाज के बोझ से मुक्त किया है. इन योजनाओं के चलते गरीबों में आत्मविश्वास जगा और वह गरीबी को परास्त कर आगे बढ़ा. गरीबी के खिलाफ अभियान में बहुत बड़ा योगदान बिहार का है. बीते वर्षों में एनडीए सरकार ने पूरी मेहनत से काम किया. आज बिहार से लाखों लोग गरीबी से बाहर निकले हैं. पीएम मोदी ने कहा कि हमें न रुकना है न थकना है. बिहार को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करना है.
यह भी पढ़ें : दो दिन पहले ही गार्ड ने दिया था धक्का, अब PM मोदी ने नीतीश के बेटे निशांत के गाल थपथपाए, वीडियो वायरल