बिहार में गुलाबी ठंड की दस्तक, 27 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट नहीं, जानें अपने जिले में क्या है मौसम का हाल?
बिहार में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. दिन के समय गर्मी तो सुबह -शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है. मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की कोई चेतावनी नहीं है. पटना समेत ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहेगा.
बिहार में मौसम के मिजाज में बदलाव होने लगा है. पूरे प्रदेश में ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है. अब सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक का एहसास होने लगा है. पटना मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के लगभग सभी जिलों में आज 21 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है. आने वाले एक सप्ताह तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. वहीं, आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. आने वाली 27 अक्टूबर तक बिहार के किसी भी जिले में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी नहीं की गई है. इसके अलावा आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात की भी आशंका नहीं है.
आइए जानते हैं, आज बिहार में कैसा रहेगा मौसम
पटना मौसम विभाग के अनुसार, आज 21 अक्टूबर को बिहार के ज्यादातर जिलों में आसमान साफ रहने वाला है. इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है. दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि, सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा. ऐसे में अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम आपके लिए अनुकूल रह सकता है.
उत्तर-पूर्व बिहार ज्यादा गर्म
उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में अन्य जिलों की तुलना में अधिक गर्मी रहने की संभावना है. सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इन जिलों को छोड़कर बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं, प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
पटना में भी आज मौसम शुष्क रहेगा
वहीं, राजधानी पटना में भी आज मौसम शुष्क रहेगा और पूरे दिन आसमान साफ रहने की संभावना है. दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास होगा, जबकि रात के तापमान में गिरावट आने से लोगों को हल्की ठंड महसूस हो सकती है. पटना में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.