आया था मोबाइल झपटने और लटक गया ट्रेन की खिड़की पर: यात्रियों ने कई किलोमीटर लटकाकर सिखाया सबक
भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी में मोबाइल झपटने की कोशिश की घटना सामने आई है. यात्रियों ने झपटमार का हाथ पकड़ लिया और वह कई किलोमीटर तक चलती ट्रेन की खिड़की से लटका रहा. मोबाइल छीनने में नाकाम झपटमार घायल हो गया है.
भागलपुर से दानापुर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस में मोबाइल झपटने की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा टल गया. 3 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार की सुबह भागलपुर जंक्शन से ट्रेन खुलते ही एक शातिर झपटमार ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने का प्रयास किया. इसी दौरान यात्रियों ने उसका हाथ पकड़ लिया. चलती ट्रेन के साथ आरोपी कई किलोमीटर तक खिड़की से लटका रहा. सुल्तानगंज से पहले रतनपुर के पास उसने यात्रियों से अपना हाथ छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. ट्रेन से गिर जाने के कारण उसे चोटें भी आईं.
मोबाइल छीनने में कामयाब नहीं हो सका झपटमार
हालांकि, आरोपी यात्री का मोबाइल छीनने में कामयाब नहीं हो सका. इस घटना के बाद ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटना पर नाराजगी जाहिर की है.
पहले भी मोबाइल झपटमारी की सामने आ चुकी हैं घटनाएं
बता दें कि भागलपुर जंक्शन और आसपास पहले भी मोबाइल झपटमारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. ऐसे में लोगों की रेलवे प्रशासन से मांग है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के आसपास सक्रिय झपटमारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर रोक लग सके.
खगड़िया में चलती ट्रेन की खिड़की से लटका रहा था मोबाइल झपटमार
बता दें कि 12 जुलाई, 2026 को बिहार से ही कुछ ऐसी घटना सामने आई थी. खगड़िया-मानसी रेलखंड पर चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल छीन रहे एक शातिर का हाथ यात्रियों ने खिड़की से पकड़ लिया. उचक्का चलती ट्रेन की खिड़की से बाहर ही लटका रहा था. मिली जानकारी के अनुसार, मोबाइल झपटमार 9 किलोमीटर तक चलती ट्रेन में खिड़की के बाहर लटका रहा और इसी तरह से खगड़िया रेलवे स्टेशन तक आया था. यह घटना 13205 अप पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र जनहित एक्सप्रेस ट्रेन की थी.
रिपोर्ट: अश्वनी कुमार