पटना विकास भवन में रिश्वत लेते पकड़ा गया अधिकारी, बकाया वेतन भुगतान के लिए मांगे थे 5 हजार रुपये
पटना के विकास भवन में निगरानी विभाग की टीम ने 4 हजार रुपये रिश्वत लेते नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को गिरफ्तार किया है. पदाधिकारी ने नौकरी छोड़ने के बाद बकाया वेतन राशि के भुगतान के लिए 5 हजार मांगे थे.
पटना के विकास भवन स्थित नगर विकास एवं आवास विभाग के कार्यालय में निगरानी विभाग (Vigilance Department) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने 4 हजार रुपये रिश्वत लेते प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. उनकी गिरफ्तारी विकास भवन के प्रथम तल स्थित कार्यालय से हुई.
नौकरी छोड़ने के बाद बकाया वेतन राशि के भुगतान के लिए मांगे 5 हजार
जानकारी के अनुसार, केपीएमसी मुंशी ने नौकरी छोड़ने के बाद बकाया वेतन राशि के भुगतान को लेकर आवेदन दिया था. इस मामले में नगर परिषद झाझा को भुगतान का आदेश जारी करने के एवज में प्रशाखा पदाधिकारी राजीव रंजन ने 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. बाद में 4 हजार रुपये में सौदा तय हुआ.
पीड़ित की शिकायत पर प्रशासन ने जाल बिछाकर पदाधिकारी को रंगे हाथों पकड़ा
इसके बाद पीड़ित ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही राजीव रंजन ने 4 हजार रुपये रिश्वत लिए, टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद अधिकारी के घर की भी तलाशी हुई
निगरानी डीएसपी मिथिलेश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पीड़ित की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है.गिरफ्तारी के बाद आरोपी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. हालांकि, शुरुआती तलाशी में घर से अब तक कोई ठोस बरामदगी नहीं हुई है. मामले में आगे की जांच जारी है.
कुख्यात भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन को EOU ने किया गिरफ्तार, पत्नी भी हिरासत में
वहीं दूसरे मामले में, पटना में काली कमाई से अकूत संपत्ति खड़े करने वाले कुख्यात भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव को आर्थिक अपराध इकाई (EOU-Economic Offences Unit) की टीम ने गिरफ्तार किया है. एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की मदद से उसे बेली रोड से पकड़ा गया. वहीं उसकी पत्नी सुनीता कुमारी को बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित मां सुखिया महल अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 406 से हिरासत में लिया गया है.
फ्लैट से 19 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद
टीम ने फ्लैट की तलाशी के दौरान 19 लाख 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं. फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की टीम दोनों को अपने कार्यालय में रखकर पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी सुरेंद्र कुमार सुमन की संपत्ति और आय के स्रोतों की पड़ताल कर रही है. बता दें कि सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भसुरेंद्र कुमार सुमन उर्फगत यादव का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है. गिरफ्तारी के बाद उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: जितनी आय नहीं उससे अधिक संपत्ति! रोशन राज के ठिकाने पर EOU की रेड, कई दस्तावेज जब्त
(पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा की रिपोर्ट)