आज दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर रात 10 बजे तक पटना के ये रास्ते रहेंगे बंद, जान लें दशहरा का ट्रैफिक प्लान
दशहरा के दौरान पटना में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. आज दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
दशहरा के दौरान पटना में मेला घूमने आने वाले लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. आज यानी 17 अक्टूबर की दोपहर 3 बजे से लेकर 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक शहर के कई मुख्य रास्तों पर गाड़ियों के आने-जाने पर रोक रहने वाली है. पटना ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए नया ट्रैफिक प्लान जारी किया है, ताकि लोगों को जाम का सामना न करना पड़े. आइए जानते हैं रूट-
इन रास्तों पर गाड़ियों का आना-जाना बंद रहेगा
- ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, डाकबंगला चौराहे से भट्टाचार्य चौराहा, पटना जंक्शन और स्वामी नंदन तिराहे की तरफ आम गाड़ियां नहीं जा सकेंगी.
- डाकबंगला चौराहे से कोतवाली टी-पॉइंट तक सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी.
- गोविंद मित्रा रोड, सब्जीबाग रोड और बाकरगंज से मखनियां कुआं रोड जैसे व्यस्त इलाकों में भी गाड़ियों की नो-एंट्री रहेगी.
गाड़ी पार्क करने की ये जगहें कर लें नोट-
अगर आप गाड़ी से बाहर निकल रहे हैं, तो प्रशासन ने गाड़ी खड़ी करने के लिए कुछ खास जगहें तय की हैं. आप अपनी गाड़ियां फ्रेजर रोड, वीरचंद पटेल पथ, मल्टी मॉडल हब, पटना साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज के मैदान में पार्क कर सकते हैं. गांधी मैदान के आसपास के इलाकों, एसपी वर्मा रोड, बुद्धमार्ग और पटना म्यूजियम के पास किसी भी गाड़ी को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी, क्योंकि इन जगहों को नो-पार्किंग जोन बनाया गया है.
जान लें रास्तें और जरूरी नियम
- अगर आप पटना जंक्शन से गांधी मैदान की तरफ जा रहे हैं, तो छोटे वाहन गोरियाटोली चौक से एक्जीबिशन रोड होते हुए जा सकेंगे.
- शहर के अंदर बड़े और भारी मालवाहक वाहनों के आने पर 17 से 20 अक्टूबर तक पूरी पाबंदी रहेगी.
- मेट्रो या दूसरे निर्माण कार्यों में लगे भारी वाहनों पर 21 अक्टूबर तक रोक रहने वाली है.
यह भी पढ़ें: खुलासा: सिपाही अजीत कुमार की मौत शराब तस्करों की गोली से नहीं, पुलिस की गोली से हुई थी
इन गाड़ियों को मिलेगी छूट
इस नियम से एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन गाड़ियों को पछूट दी जाएगी. इसके अलावा, जिन लोगों के पास विशेष पास होगा, वे भी आ-जा सकेंगे. पटना ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि दुर्गापूजा के इन दिनों में घर से बाहर निकलने से पहले इस नए ट्रैफिक प्लान को जरूर देख लें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
रिपोर्ट: शिवम