SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पटना में गर्दनीबाग के अलावा और कहीं भी धरना और प्रदर्शन किया तो होगी कार्रवाई, जिला प्रशासन ने कर दिया क्लीयर

एक दिन पहले दिल्ली में धरना और प्रदर्शन के लिए निर्धारित जंतर मंतर को तीन अलग-अलग जगहों पर शिफ्ट कर दिया गया है. इसी कड़ी में पटना में धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित गर्दनीबाग को लेकर फिर से दिशानिर्देश जारी किए गए हें.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 13, 2026, 11:47 AM IST | Updated: Oct 13, 2026, 11:57 AM IST
Image Credit: पटना में गर्दनीबाग में ही धरना और प्रदर्शन किया जा सकता है. (File Photo)
Join

विभिन्न संगठनों एवं व्यक्तियों की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में बिना पूर्व सूचना या निर्धारित अनुमति के धरना-प्रदर्शन किए जाने के मामलों की जिला प्रशासन ने समीक्षा की है. जिलाधिकारी, पटना और एसएसपी, पटना ने स्पष्ट किया है कि धरना-प्रदर्शन के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल का ही उपयोग किया जाए. निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है. पटना जिला प्रशासन के इस दिशानिर्देश को दिल्ली से जोड़कर देखा जा रहा है. दिल्ली में धरना और प्रदर्शन के लिए निर्धारित साइट को अब चेंज कर दिया गया है. पहले जंतर-मंतर इसके लिए तय किया गया था, लेकिन अब दिल्ली के बाहरी इलाकों में तीन अलग-अलग जगह प्रदर्शन के लिए तय किए गए हैं.

आम नागरिकों की सुविधा, यातायात का सुचारू संचालन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर धरना-प्रदर्शन किए जाने से शहर की यातायात व्यवस्था बाधित होती है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

READ ALSO: पटना में आज AISA का बड़ा प्रदर्शन: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजभवन मार्च, गांधी मैदान से होगी इसकी शुरुआत

जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे प्रदर्शनों के कारण स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, न्यायालय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों के कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. साथ ही, जिले के वाणिज्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है और उनकी व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं. इससे आम लोगों के दैनिक जीवन एवं व्यवसाय से जुड़े कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है.

साथ ही, ऐसी स्थिति में बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों, स्कूली बच्चों तथा एम्बुलेंस सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन में गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं. इससे आवश्यक सेवाओं में विलंब होने के साथ आम नागरिकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है.

जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित व्यक्तियों एवं संगठनों से अपील की है कि वे अपनी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखने के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित धरना स्थल का ही उपयोग करें. साथ ही, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक शांति एवं आम नागरिकों की सुविधा बनाए रखने में जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करें.

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्यत्र धरना-प्रदर्शन करने अथवा जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट: सन्नी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES