पटना से दिल्ली का सफर होगा आसान: 110 से बढ़कर 130 kmph होगी अमृत भारत की स्पीड, रेलवे बोर्ड ने दिए निर्देश
Amrit Bharat Express: पटना और दानापुर मंडल से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है. रेलवे बोर्ड की बैठक में पुश-पुल तकनीक से चलने वाली ट्रेनों की गति 110 से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर चर्चा हुई है.
Amrit Bharat Express: अब पटना से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए सफर पहले की अपेक्षा तेज हो जाएगा, क्योंकि पटना और दानापुर मंडल से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी शुरू हो रही है. इन ट्रेनों की गति बढ़ाने को लेकर हाल ही में रेलवे बोर्ड ने पूर्व मध्य रेलवे समेत पांच प्रमुख रेलवे जोन के साथ बैठक की. बैठक में पुश-पुल तकनीक(जिस भी ट्रेंन के आगे और पीछे इंजन लगे हुए है) पर आधारित ट्रेनों की गति बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई. इन ट्रेनों की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक करने की बात कही गई है. इसके लिए पूर्व मध्य रेलवे को इसकी जिम्मेदारी दी गई है. रेलवे बोर्ड ने पटना से दिल्ली, जोगबनी सहित अन्य जगहों के लिए चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की स्पीड बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.
110kmph से बढ़ाकर 130 kmph किए जाने की तैयारी
अमृत भारत एक्सप्रेस की मौजूदा गति सीमा 110 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिसे बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने की तैयारी है. इससे पहले पटना से चलने वाली इन ट्रेनों की अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा थी. रेलवे की बैठक के बाद पुश-पुल तकनीक(जिस भी ट्रेंन के आगे और पीछे इंजन लगे हुए है) पर आधारित अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. इससे पटना और दानापुर मंडल से चलने वाली इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में कम समय लगेगा.
यात्रियों को यात्रा के दौरान समय की होगी बचत
पटना से दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की बात करें तो गाड़ी संख्या 22361 जो राजेंद्र नगर टर्मिनल से शाम 7 बजकर 50 मिनट पर चलती है और अगले दिन दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली पहुंचती है. इस ट्रेन को दिल्ली पहुंचने में कुल 17 घंटे 20 मिनट का समय लगता है. हालांकि, रफ्तार बढ़ने के बाद पटना से दिल्ली का सफर कम समय में पूरा होने की उम्मीद है. इससे यात्रियों को यात्रा के दौरान समय की बचत होगी.
पटना-दिल्ली रूट पर सबसे तेज ट्रेनों में राजधानी एक्सप्रेस शामिल
फिलहाल पटना-दिल्ली रूट पर सबसे तेज ट्रेनों में राजधानी एक्सप्रेस शामिल है, जिससे दिल्ली पहुंचने में करीब 12 घंटे 10 मिनट का समय लगता है. वहीं, अन्य ट्रेनों से सफर में 15 से 16 घंटे तक का समय लगता है. ऐसे में अमृत भारत एक्सप्रेस की रफ्तार 110 से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा किए जाने के बाद इस ट्रेन से दिल्ली जाने वाले यात्रियों का सफर भी पहले की तुलना में कम समय में पूरा हो सकेगा.