App

मछली के चक्कर में मर गया पंचानंद कुमार: जाल डालते समय गहरे पानी में डूबा, अगले दिन मिला शव

बेगूसराय में सिमरिया गंगा घाट पर डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर घर से निकला था. अगले दिन उसक शव बरामद हुआ.

मछली के चक्कर में मर गया पंचानंद कुमार: जाल डालते समय गहरे पानी में डूबा, अगले दिन मिला शव
Image Credit: बेगूसराय में सिमरिया गंगा घाट में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत (Photo-AI)

बेगूसराय जिला के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया गंगा घाट पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. गंगा नदी में मछली पकड़ने के दौरान 15 वर्षीय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतक की पहचान पंचानंद कुमार के रूप में हुई
मृतक की पहचान सिमरिया घाट के नवकी बिंद टोली निवासी पंचानंद कुमार (उम्र 15 वर्ष), पिता अशोक महतो के रूप में हुई है. पंचानंद पांच भाइयों में सबसे छोटा था. बताया जा रहा है कि उसके पिता कोलकाता में मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर अकेले घर से निकला था पंचानंद
परिजनों के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को पंचानंद मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर अकेले घर से निकला था. इसी दौरान सिमरिया घाट स्थित सिक्स लेन पुल के पूर्वी हिस्से में गंगा नदी में जाल डालते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया.

जब पंचानंद घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने तलाश शुरू की
8 अक्टूबर, 2026 गुरुवार शाम तक जब पंचानंद घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि वह गंगा घाट की ओर गया था, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुट गए.

शव मिलते ही पूरे परिवार में मातम
काफी मशक्कत के बाद 9 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से गंगा नदी से पंचानंद का शव बरामद किया गया. किशोर का शव मिलते ही पूरे परिवार में मातम पसर गया.

हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है. इतनी कम उम्र में परिवार के सबसे छोटे बेटे को खो देने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

रिपोर्ट: जितेन्द्र कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More