ट्रेन में टिकट नहीं, फ्लाइट्स का किराया छू रहा आसमान, दीपावली-छठ पर बिहार लौटना हुआ मुश्किल!
दीपावली और छठ में बिहार आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है. एक तरफ जहां ट्रेनों में टिकट को लेकर मारामारी है, तो दूसरी तरफ हवाई यात्रा भी लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है.
बिहार में दीपावली-छठ के दौरान परदेश में रहने वालों को घर जाने का बेसब्री से इंतजार रहता है. दूसरे राज्यों के लिए दीपावली सबसे बड़ा त्योहार है, लेकिन बिहार में असली त्योहार तो दीपावली के बाद शुरू होता है - छठ महापर्व. छठ ऐसा त्योहार है, जिसके लिए लोग अपनी-अपनी छुट्टी बचाकर रखते हैं. लोगों को अपने घर और परिवार से मिलने का मौका देता है. लेकिन हर बार की तरह इस बार भी घर वापसी आसान नहीं होने वाली है. ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और फ्लाइट का किराया आसमान छू रहा है, जिससे लोगों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है.
टिकट को लेकर मारामारी
दीपावली और छठ पर बिहार आने वाले लोगों की परेशानी अभी से बढ़ गई है. त्योहार पर घर लौटने की होड़ में ट्रेनों में टिकट को लेकर मारामारी मची हुई है. ज्यादातर ट्रेनों में सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है. वहीं, हवाई सफर भी लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है. त्योहारी सीजन को देखते हुए हवाई कंपनियों ने किराए में बड़ा इजाफा कर दिया है.
खासकर दिल्ली से पटना रूट पर किराया आसमान छू रहा है. 6 और 7 नवंबर को नई दिल्ली से पटना की फ्लाइट का किराया करीब 10 हजार रुपये से शुरू होकर 38 हजार रुपये तक पहुंच गया है. ऐसे में ट्रेन में जगह न मिलने और महंगी फ्लाइट के कारण परदेशियों के लिए घर वापसी एक बड़ी चुनौती बन गई है.
टिकट की बढ़ती कीमतें बनी परेशानी
आम दिनों में नई दिल्ली से पटना का हवाई टिकट 5 से 6 हजार रुपये के बीच आसानी से मिल जाता है, लेकिन दीपावली और छठ पर्व के नजदीक आते ही स्थिति पूरी तरह बदल गई है. दूसरी तारीखों के लिए भी टिकट उसी रेट पर उपलब्ध हैं. त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती मांग के कारण हवाई किराए में बढ़ोतरी हुई है. इस साल किराए में तीन गुना से लेकर पांच गुना तक का इजाफा देखने को मिल रहा है. जिन लोगों को दीपावली और छठ पर बिहार आना है, उनके सामने दोहरी चुनौती खड़ी हो गई है.
यात्रियों को हो रही परेशानी
एक तरफ ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है, तो दूसरी तरफ फ्लाइट का किराया आम लोगों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है. टिकटों की बढ़ती कीमतों ने त्योहार पर घर आने की तैयारी कर रहे यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है. आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने की उम्मीद है. ऐसे में सभी की नजरें हवाई किराए पर टिकी हुई हैं कि आने वाले समय में लोगों को कीमतों में थोड़ी भी राहत मिलती है या फिर दाम ऐसे ही रहेंगे.