तस्कर चाची और भरत महासेठ के सिंडिकेट पर NIA का एक्शन: मधुबनी में नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा बलों ने मारे छापे, कई ठिकाने सील
मधुबनी में नेपाल बॉर्डर पर NIA और सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई 8 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को की है. इस कार्रवाई में तस्कर चाची और भरत महासेठ के ठिकाने को सील कर दिया गया है.
बिहार के मधुबनी जिला के नेपाल बॉर्डर के पास बासोपट्टी थाना क्षेत्र के दुहबी बाजार में NIA और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है. तस्करी से जुड़े बताए जा रहे भरत महासेठ और हीरा महासेठ उर्फ चाची के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है. कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध सामान बरामद होने की बात सामने आ रही है. वहीं, सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने छापेमारी वाले सभी ठिकानों को सील कर दिया है.
पुलिस टीम ने संबंधित ठिकानों को सील कर दिया
नेपाल बॉर्डर इलाके में सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों और तस्करों में हड़कंप मच गया है. NIA और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने तस्करी से जुड़े बताए जा रहे भरत महासेठ और हीरा महासेठ उर्फ चाची के करीब दर्जनभर ठिकानों पर छापेमारी की है. पुलिस टीम ने संबंधित ठिकानों को सील कर दिया है.
हीरा महासेठ उर्फ चाची को गिरफ्तार किया गया
जांच एजेंसियों के मुताबिक तस्करी का नेटवर्क सीमावर्ती इलाके से लेकर नेपाल तक फैला होने की संभावना है. नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है. बीते कई महीने में करोड़ों की संपत्ति की मालकिन बताई गई हीरा महासेठ उर्फ चाची को गिरफ्तार किया गया था.
सीमावर्ती इलाके में तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए
अब एक बार फिर उसके कथित नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाके में तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
छापेमारी के संबंध में कुछ भी बताने से बचते नजर आए अधिकारी
वहीं, सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से तस्करों में दहशत है. छापेमारी टीम में बिहार एसटीएफ, एसएसबी, एनआईए समेत पुलिस टीम और मजिस्ट्रेट शामिल थे. हालांकि, अधिकारियों ने मीडिया से बचने का प्रयास किया और छापेमारी के संबंध में कुछ भी बताने से बचते नजर आए.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण