SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुंगेर में 11 लाख 11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठा गंगा तट, CM सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज रहे मौजूद

बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. इस दौरान 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित कर पूरे गांव को रोशनी से जगमगा दिया गया. इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 08, 2026, 11:15 AM IST | Updated: Nov 08, 2026, 11:28 AM IST
Image Credit: मुंगेर में ऐतिहासिक दीपोत्सव (zee media)
Join

बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर में आयोजित ऐतिहासिक दीपोत्सव ने इस बार भव्यता और आकर्षण की नई मिसाल पेश की. 11 लाख 11 हजार 111 दीपों की रोशनी से पूरा कल्याणपुर जगमगा उठा. दीपों की कतारों से सजे गांव का नजारा ऐसा था, मानो धरती पर तारों का संसार उतर आया हो. कल्याणपुर यूथ क्लब की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद गंगा तट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया. इसमें खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा, सुल्तानगंज के विधायक ललित मंडल और मुख्यमंत्री के बड़े भाई एवं जदयू नेता रोहित चौधरी शामिल हुए. गंगा महाआरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. वैदिक मंत्रोच्चार, आरती की धुन और जयकारों से गंगा तट गुंजायमान होता रहा. आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे लोगों में दीपोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने भी आयोजन में भागीदारी निभाई.

विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गई

दीपोत्सव के दौरान कल्याणपुर के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गई थीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया. वहीं, आयोजन स्थल को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था. दीपों की रोशनी से जगमगाते रास्ते, सुसज्जित परिसर और श्रद्धालुओं की भीड़ ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया. कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रंग-बिरंगी आतिशबाजी रही. करीब आधे घंटे तक आसमान में एक के बाद एक आकर्षक आतिशबाजी की गई. विशेष रूप से फीफा वर्ल्ड कप की थीम पर तैयार आतिशबाजी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. आसमान में बिखरती रंगीन रोशनी और पटाखों की गूंज ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में रंग दिया. इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए लोग काफी देर तक आसमान की ओर नजरें टिकाए रहे. कई लोग अपने मोबाइल फोन में इन यादगार पलों को कैद करते नजर आए.

ये भी पढ़ें: दीपावली-छठ का बिहार को स्पेशल गिफ्ट! केंद्र सरकार ने जारी किए 1,08,45,00,00,000 रुपए, CM सम्राट ने PM मोदी को कहा- 'Thank You'
 

सांसद राजेश वर्मा ने की आयोजन की सराहना

गंगा महाआरती में शामिल खगड़िया के सांसद राजेश वर्मा ने कहा कि कल्याणपुर में बिहार का ऐतिहासिक दीपोत्सव आयोजित किया गया है. एक साथ इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करना अपने आप में अद्भुत और गौरवपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए कल्याणपुरवासियों, यूथ क्लब के सदस्यों और आयोजन के सूत्रधार डॉ. नीतीश चंद्र दुबे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन के लिए जिस उत्साह, सामर्थ्य, सामूहिक प्रयास और समर्पण की आवश्यकता होती है, वह कल्याणपुर के लोगों में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है. वहीं, भागलपुर जिले के सुल्तानगंज विधायक ललित मंडल ने कहा कि दीपावली के अवसर पर इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन बिहार के लिए अनूठी और गौरवपूर्ण बात है. लाखों दीपों को एक साथ प्रज्वलित कर जिस तरह कल्याणपुर को रोशनी से सजाया गया है, वैसा दृश्य उन्होंने पहले कभी नहीं देखा. उन्होंने कहा कि यह आयोजन यहां के लोगों की एकजुटता, उत्साह और सांस्कृतिक विरासत के प्रति समर्पण को दर्शाता है.

रोहित चौधरी भी हुए शामिल

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बड़े भाई एवं जदयू नेता रोहित चौधरी ने कहा कि मुंगेरवासियों के लिए यह बेहद सौभाग्य और गर्व की बात है कि कल्याणपुर में इतने बड़े स्तर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा कि जिस भव्यता के साथ यहां दुर्गापूजा मनाई जाती है, उसी उत्साह और उमंग के साथ दीपावली का पर्व भी मनाया जाता है. दीपों की रोशनी और भव्य आतिशबाजी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं. वहीं, कल्याणपुर यूथ क्लब के अध्यक्ष डॉ. नीतीश चंद्र दुबे ने बताया कि क्लब की ओर से कई वर्षों से राज्य के सबसे बड़े दीपोत्सव के आयोजन की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है. इस वर्ष मुंगेर जिले से सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद जिलेवासियों, विशेषकर कल्याणपुर के ग्रामीणों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह था. इसी उत्साह, सहयोग और सामूहिक भागीदारी का परिणाम है कि इस बार 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित कर ऐतिहासिक दीपोत्सव मनाया गया. उन्होंने कहा कि कल्याणपुर की पहचान दुर्गापूजा और दीपावली के भव्य आयोजनों से बनती जा रही है. इन आयोजनों में आसपास के कई गांवों के लोग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं. इससे न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES