नवादा को मिला केंद्रीय विद्यालय: सांसद विवेक ठाकुर ने किया उद्घाटन, पढ़ाई शुरू
नवादा में शिक्षा के नए युग का आगाज बुधवार से हुआ. बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि नवादा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ.
नवादा जिला में बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने राजकीयकृत कन्हाई इंटर विद्यालय, नवादा में केंद्रीय विद्यालय नवादा के संचालन के लिए अस्थायी परिसर का शुभारंभ किया. इसके साथ ही 9 सितंबर, 2026 दिन बुधवार से केंद्रीय विद्यालय नवादा में बच्चों की पढ़ाई का विधिवत प्रारंभ हो गया.
'केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना पूरा हुआ सपना'
इस अवसर पर नवादा के सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि नवादा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है. केंद्रीय विद्यालय के शुभारंभ से नवादा के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.
'जिले में विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे'
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है. नवादा में केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत जिले के शैक्षणिक विकास को नई गति प्रदान करेगी और यहां के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे.
'बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी'
उन्होंने कहा कि नवादा संसदीय क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं. केंद्रीय विद्यालय की स्थापना उसी प्रतिबद्धता का परिणाम है. आने वाले समय में नवादा में शिक्षा के क्षेत्र में और भी बेहतर सुविधाएं विकसित करने के लिए प्रयास किए जाएंगे.
'नवादा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है ये स्कूल'
सांसद विवेक ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय नवादा के शुभारंभ पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और समस्त नवादा वासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि यह केवल एक विद्यालय का शुभारंभ नहीं, बल्कि नवादा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है.
बता दें कि बिहार के 18 जिलों में नए केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे. केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से इसको मंजूरी मिल चुकी है.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा