25 दिनों से अनशन पर नल-जल कर्मचारी और दारोगा अभ्यर्थी, गर्दनीबाग पहुंचकर पप्पू यादव ने उठाई आवाज
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर दारोगा अभ्यर्थियों और नल-जल अनुरक्षक कर्मचारियों के धरना में शामिल हुए. उन्होंने इनको आंदोलन को समर्थन दिया.
पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर दारोगा अभ्यर्थियों और नल-जल अनुरक्षक कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है. दारोगा भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी 1,799 पदों के लिए हुई परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराने और फिजिकल टेस्ट की तारीख जल्द घोषित करने की मांग कर रहे हैं; वहीं, नल-जल अनुरक्षक कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर पिछले 25 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं.
इसी बीच पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचे और धरनारत अभ्यर्थियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी. पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गरीबों के लिए ठीक से काम नहीं कर पा रही है.
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने करीब 12 जिलों के गांवों का दौरा कर जमीनी स्थिति देखी है, जहां कई जगहों पर न पानी पहुंचा है, न लोगों को लोन मिला है और न ही कम्युनिटी किचन की व्यवस्था है.
वहीं, बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह की ओर से पप्पू यादव के पैसे बांटने को लेकर उठाए गए सवाल पर भी उन्होंने जवाब दिया. पप्पू यादव ने कहा कि मंत्री भी सरकार का हिस्सा हैं और सभी को मिलकर काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस बात पर चर्चा करने के बजाय कि पैसा कहां से आ रहा है, गरीबों की मदद के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है.
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि वह लंबे समय से लोगों की समस्याओं का समाधान करते आ रहे हैं और जरूरतमंदों की आर्थिक मदद भी करते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी संपत्ति पर पहला अधिकार बिहार की जनता का है. अगर उनके पैसे के स्रोत को लेकर सवाल है तो जांच करा ली जाए, उनके पास पूरा रिकॉर्ड मौजूद है.
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सवाल-जवाब और आरोप-प्रत्यारोप से बेहतर है कि सभी लोग मिलकर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद के लिए काम करें.
रिपोर्ट: शिवम राज