SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हूटर लगी गाड़ी को मिली थाने से 'छुट्टी'... खाते में पहुंचे 20 हजार! अब थानेदार पर गिरी निलंबन की गाज

मोतिहारी के फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार को लापरवाही और संदिग्ध आचरण के आरोप में निलंबित किया गया है. जांच में हूटर लगी गाड़ी छोड़ने और चालक से बबलू सिंह के खाते में 20 हजार रुपये मंगवाने का मामला सामने आया. बबलू सिंह पर FIR दर्ज, पुलिस जांच भी जारी है.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 29, 2026, 22:25 IST | Updated: Nov 29, 2026, 22:31 IST
Image Credit: Motihari News (AI Generated Image)
Join

बिहार के मोतिहारी में फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार को निलंबित कर दिया गया है. उन पर वाहन छोड़ने के बदले पैसे लेने के आरोप लगे थे. मामले की जांच में उनका आचरण संदिग्ध पाया गया. इसके बाद पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG), चंपारण क्षेत्र, बेतिया ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया. यह कार्रवाई लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध आचरण के आरोपों में की गई है.

40 हजार रुपये लेने का लगाया गया था आरोप

मामले की शुरुआत पूर्वी चंपारण के परशुरामपुर टोला जमुनिया निवासी परवाज अहमद की शिकायत से हुई. उन्होंने डीआईजी को आवेदन देकर आरोप लगाया कि वाहन छोड़ने के बदले फेनहारा थानाध्यक्ष ने बबलू सिंह के माध्यम से 40 हजार रुपये लिए हैं. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी पकड़ीदयाल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) को सौंपी गई.

हूटर लगी गाड़ी को थाने से छोड़ा गया

जांच में सामने आया कि 22 नवंबर 2026 की रात गश्ती के दौरान वाहन चेकिंग के समय हूटर लगी एक गाड़ी (BR-05-BW-2315) को पूछताछ के लिए फेनहारा थाने लाया गया था. सत्यापन के बाद गाड़ी को सही-सलामत पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया. जांच में यह भी सामने आया कि गाड़ी में अवैध तरीके से हूटर लगा था, लेकिन थाने में इस पर कोई जुर्माना नहीं लिया गया.

बबलू सिंह के खाते में मंगवाए गए 20 हजार रुपये

जांच के मुताबिक, इसी घटनाक्रम के दौरान फेनहारा निवासी बबलू सिंह ने वाहन चालक को क्षति और नुकसान का डर दिखाकर 22 नवंबर की रात 3:39 बजे अपने फोन-पे खाते में 20 हजार रुपये मंगवाए. बबलू सिंह के पिता का नाम राजेश्वर प्रसाद सिंह बताया गया है. हूटर लगी गाड़ी को थाने लाकर छोड़ने और वाहन चालक से बबलू सिंह के खाते में पैसे मंगवाने के मामले को आपस में जुड़ा हुआ पाया गया. इसके बाद पकड़ीदयाल एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की.

बबलू सिंह के खिलाफ FIR दर्ज

इस मामले में बबलू कुमार उर्फ बबलू सिंह के खिलाफ फेनहारा थाना कांड संख्या 255/26 दर्ज किया गया है. उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, जांच में थानाध्यक्ष रजनीश कुमार का आचरण संदिग्ध पाए जाने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा के बाद डीआईजी ने उन्हें निलंबित कर दिया. रजनीश कुमार को जीवन-यापन भत्ता पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. पुलिस विभाग की ओर से यह कार्रवाई अनुशासन और प्रशासनिक नियंत्रण के तहत की गई है.

पंकज कुमार की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES