मोतिहारी में भू-माफिया के घर छापेमारी: हथियार, संपत्ति के कागजात और 27 लाख नकदी बरामद, बेटा गिरफ्तार
Motihari News: बिहार के मोतिहारी में भू-माफिया राकेश शर्मा के घर देर रात पुलिस ने बड़ी छापेमारी की. तीन डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो राइफल, दो पिस्टल, करीब 100 कारतूस, शराब की छह बोतलें, 27 लाख रुपये नकद और 65 से अधिक डीड व रजिस्ट्री के कागजात बरामद किए.
Motihari News: मोतिहारी में भू-माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एक पुलिस अधिकारी के करीबी बताए जा रहे भू-माफिया राकेश शर्मा के घर पर देर रात छापेमारी की गई. तीन DYSP के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की है. इस छापेमारी के दौरान भू-माफिया राकेश शर्मा के घर से दो राइफल, दो पिस्टल, करीब 100 कारतूस, शराब की छह बोतलें, 65 से अधिक डीड और रजिस्ट्री के कागजात, जिनकी कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. मौके से राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है. पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधिकारी के संरक्षण में जमीन कारोबार
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी राकेश शर्मा को छतौनी थाना क्षेत्र में भू-माफिया के रूप में चिह्नित किया गया था. उस समय एक पुलिस पदाधिकारी के संरक्षण में जमीन का कारोबार करने का आरोप लगा था. संबंधित पदाधिकारी के तबादले के बाद राकेश शर्मा नेपाल चला गया था. हालांकि, कुछ समय बाद वह फिर लौट आया और एक पुलिस अधिकारी के संरक्षण में दोबारा जमीन का कारोबार करने लगा. जब इसकी भनक DIG और मोतिहारी SP को लगी, उसके बाद तीन DYSP और पांच थानों की पुलिस की एक टीम गठित की गई.
चार महीने से चल रही थी छापेमारी की रणनीति
भू-माफिया राकेश शर्मा की पुलिस महकमे में भी अच्छी पैठ होने की बात सामने आई थी. ऐसे में उसके घर पर होने वाली छापेमारी को पूरी तरह गोपनीय रखा गया. DIG के निर्देश पर मोतिहारी SP स्वर्ण प्रभात करीब चार महीने से छापेमारी की रणनीति बना रहे थे. उन्होंने इस कार्रवाई की जिम्मेदारी जितेश पांडेय को सौंपी थी. DYSP जितेश पांडेय ने अरेराज और सिकरहना DYSP को मुफस्सिल थाना बुलाया. वहीं रात के करीब दो बजे पांच थानों की पुलिस को भी मुफस्सिल थाना बुलाया गया. सभी को बताया गया कि उन्हें शराब के खिलाफ छापेमारी में जाना है. टीम में शामिल किसी भी पुलिसकर्मी को यह जानकारी नहीं थी कि छापेमारी कहां और किसके घर पर होनी है. इसकी जानकारी केवल टीम का नेतृत्व कर रहे जितेश पांडेय को थी, ताकि सूचना लीक होने से बचाया जा सके.
महज सात मिनट में पुलिस ने घर को घेरा
यही वजह रही कि पुलिस टीम छतौनी थाना की जगह मुफस्सिल थाना में एकत्रित हुई. इसके बाद महज सात मिनट में टीम ने भू-माफिया राकेश शर्मा के घर को चारों तरफ से घेर लिया. हालांकि, छापेमारी के दौरान राकेश शर्मा घर पर नहीं मिला. लेकिन वहां से बरामद जमीन के कागजात की संख्या और उनकी अनुमानित कीमत देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और बरामद हथियारों, कारतूस, नकदी, शराब तथा जमीन के दस्तावेजों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार