App

मोतिहारी में बढ़ा बाढ़ का खतरा: खतरे के निशान से ऊपर गंडक नदी, DM ने लिया तटवर्ती इलाकों का जायजा

Motihari Flood: नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. वाल्मीकिनगर बैराज से लगातार बढ़ रहे पानी को देखते हुए मोतिहारी में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है.

मोतिहारी में बढ़ा बाढ़ का खतरा: खतरे के निशान से ऊपर गंडक नदी, DM ने लिया तटवर्ती इलाकों का जायजा
Image Credit: मोतिहारी में बढ़ा बाढ़ का खतरा, खतरे के निशान से ऊपर गंडक नदी (zee media)

Motihari Flood: आज सुबह से प्रत्येक घंटे नेपाल से लगभग 6 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद गंडक बैराज पर दबाव काफी ज्यादा बढ़ गया है. गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है. ऐसे में कल तक गंडक नदी का पानी मोतिहारी के कई इलाकों में प्रवेश करने की आशंका जताई जा रही है. नेपाल में हुई भारी बारिश के बाद वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में लगातार पानी बढ़ रहा है. मोतिहारी में बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है. जिला प्रशासन की ओर से लगातार माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है.

गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच DM ने किया निरीक्षण
इसी सिलसिले में आज मोतिहारी डीएम सौरभ सुमन यादव, एडीएम मुकेश सिन्हा समेत अरेराज अनुमंडल के अधिकारियों ने संग्रामपुर, अरेराज और केसरिया के गंडक नदी के तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण किया और बाढ़ की संभावित स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि नेपाल में हुई बारिश के कारण वाल्मीकिनगर बैराज से लगातार पानी बढ़ रहा है. करीब एक बजे तक लगभग साढ़े चार लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना है और आने वाले समय में जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच DM ने किया निरीक्षण
डीएम ने बताया कि अरेराज, संग्रामपुर और केसरिया प्रखंड के कुछ निचले इलाकों में गांव बसे हुए हैं. ऐसे इलाकों में प्रशासन की ओर से पहले से ही माइकिंग कराकर लोगों को संभावित बाढ़ को लेकर सतर्क किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है. वहीं, तटबंधों पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर हालात बिगड़ते हैं और कम्युनिटी किचेन या आश्रय स्थलों की जरूरत पड़ती है, तो उसकी भी पूरी तैयारी कर ली गई है.

NDRF-SDRF की टीम अलर्ट
बाढ़ से निपटने के लिए NDRF और SDRF की एक-एक यूनिट को भी पूरी तरह से अलर्ट रखा गया है. फिलहाल प्रशासन ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है. जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है.

रिपोर्ट: पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More