SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

4 लाख मेहमान, 150 तरह के पकवान, दामाद को 3 करोड़ की डिफेंडर गिफ्ट, चर्चा में अनंत सिंह की बेटी की शादी

देश में एक ही शादी की चर्चा बहुत हो रही है! वह शादी है मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह की बेटी की शादी. इस शादी में 10 बीघे में ताजमहल जैसा पंडाल बनाया जा रहा है. 4 लाख मेहमानों के लिए 150 तरह के पकवान बनेंगे. वहीं, अनंत सिंह अपने दामाद को 3 करोड़ की डिफेंडर गाड़ी गिफ्ट में देंगे.

Edited By Shailendra
Published: Nov 10, 2026, 11:01 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 11:10 PM IST
Image Credit: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की देशभर में हो रही चर्चा (Photo-AI)
Join

विदेशी मीडिया में जितनी चर्चा एनवीडिया (NVIDIA) के CEO की हो रही है, देश की सोशल मीडिया में उतनी ही चर्चा एक शादी की हो रही है. ये शादी... बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी की होने वाली है. अनंत सिंह, जो अक्सर अपनी दबंगई और बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. उन्होंने इस बार अपनी बेटी की शादी को राष्ट्रीय चर्चा का विषय बना दिया है. अनंत सिंह की बेटी की शादी 15 दिन बाद होगी, जिसकी तैयारियां अभी से चल रही हैं. इस शादी में देशभर से मेहमानों को आमंत्रित किया गया है. शाही शादी के कार्ड और पंडाल से लेकर खान-पान तक की चर्चा हो रही है. आज हम आपको बताएंगे कि अनंत सिंह के होने वाले दामाद क्या करते हैं? इस शादी में कौन-कौन आ रहा है? इस तैयारी पर खुद अनंत सिंह क्या कह रहे हैं?

दरअसल, साहित्यकार जयशंकर प्रसाद लिखते हैं कि संसार के समस्त यज्ञों में एक पिता की तरफ से अपनी पुत्री को सुयोग्य घर में विदा करने का अनुष्ठान सबसे पवित्र और कठिन है, क्योंकि इसमें वह अपने हृदय का एक टुकड़ा दान करता है. हमारे देश में परंपरा है कि हर पिता अपनी क्षमता के हिसाब से बेटी की शादी में खर्च करता है. पटना से सटे मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी की शादी 25 नवंबर को होने वाली है. 17 दिन पहले जेडीयू (JDU) से निष्कासित हुए अनंत सिंह ने बिहार के सभी दलों के नेताओं को इस शादी में आमंत्रित किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम केंद्रीय मंत्रियों को न्योता दिया है. अनंत सिंह का कहना है कि जिन लोगों के फोन नंबर उनके पास हैं, उन्हें उन्होंने फोन किया है और जिनके फोन नंबर नहीं हैं, उन्हें मीडिया के माध्यम से आमंत्रित कर रहे हैं.

यह शादी पटना से करीब 70 किलोमीटर दूर अनंत सिंह के गांव में होने वाली है. वहां किस तरह की तैयारियां चल रही हैं. अनंत सिंह के होने वाले दामाद का नाम ऋषिकेश लिखा है. वो पटना से सटे बिहटा के रहने वाले हैं. उन्होंने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से MBA की डिग्री हासिल की है. बताया जा रहा है कि ऋषिकेश पिछले 10 सालों से अमेरिका में रह रहे हैं.

अपने होने वाले दामाद को अनंत सिंह एक डिफेंडर कार गिफ्ट कर रहे हैं, जिसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है. करीब तीन फीट ऊंची इस SUV का इंटीरियर किसी 5-स्टार होटल जैसा है. इस शादी के लिए 10 बीघे में पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल ताजमहल जैसा बनाया जा रहा है, जिसकी सजावट के लिए विदेशों से फूल मंगाए जा रहे हैं. आने वाले मेहमानों के लिए कम से कम 150 तरह के व्यंजन बनाए जा रहे हैं. इनमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ दूसरे राज्यों के व्यंजन भी शामिल होंगे. इस शादी में बॉलीवुड के सिंगर और एक्टर के अलावा भोजपुरी कलाकारों को भी बुलाया गया है, जो अपनी प्रस्तुतियां देंगे. इसके अलावा दुबई की छह मॉडल भी शादी समारोह में पहुंच रही हैं. देशभर के नेताओं, अभिनेताओं और लाखों लोगों के स्वागत के लिए अनंत सिंह के गांव में किस तरह की तैयारियां चल रही हैं.


जितने लोगों को अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी में आमंत्रित किया है, उनके स्वागत के लिए उनके गांव में कुछ इस तरह की तैयारियां चल रही हैं. शादी की तैयारियां कैसी चल रही हैं, यह देखने के लिए जी न्यूज (Zee News) के संवाददाता लदमा गांव पहुंचे, जहां 10 बीघे में ताजमहल जैसा पंडाल बनाया जा रहा है और उस पंडाल में सवा सौ फीट का पक्का मंडप तैयार किया जा रहा है.

इस शादी में कम से कम चार लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है, लिहाजा तैयारियां भी उसी स्तर की हैं. इस शादी में जहां सोनू सूद, उदित नारायण और मैथिली ठाकुर के अलावा पवन सिंह और अक्षरा सिंह जैसे कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे. वहीं, घुड़सवारी की राष्ट्रीय प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी. इसमें देशभर के घुड़सवारों को हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया है. अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद को डिफेंडर कार गिफ्ट करेंगे, तो बेटे को जनेऊ के मौके पर BMW देने वाले हैं. अनंत सिंह के ये दोनों गिफ्ट भी चर्चा के केंद्र में हैं.

महात्मा गांधी ने पत्रिका 'हरिजन' में लिखा था कि विवाह के अवसर पर होने वाला अंधाधुंध और बेहिसाब खर्च न केवल धन की बर्बादी है, बल्कि गरीबों के प्रति एक क्रूर मजाक भी है. सच्चा विवाह वह है, जो अत्यंत सादगी और पवित्रता के साथ संपन्न हो. 1946 में महात्मा गांधी ने जो लिखा था, उसका धनवानों के लिए कोई मोल नहीं है. जो अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं, उनकी संपत्ति के बारे में भी जान लीजिए.

चुनावी हलफनामे के अनुसार, मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने अपनी संपत्ति करीब 38 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी ने करीब 63 करोड़ रुपये घोषित की है. ध्यान दीजिएगा कि करीब 101 करोड़ रुपये की संपत्ति अनंत सिंह और उनकी पत्नी ने घोषित की है. अनंत सिंह के पास लग्जरी गाड़ियां, घोड़े, हाथी और पशुधन भी हैं. पिछले 21 साल से अनंत सिंह और नीलम देवी मोकामा के विधायक रहे हैं, लेकिन वो साधारण विधायक नहीं हैं... उनकी विधायकी से ज्यादा चर्चा उनकी दबंगई की होती है. अनंत सिंह पर 60 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या और उगाही के अलावा जमीन कब्जाने, अपहरण और फिरौती जैसे मामले भी शामिल हैं.

आप समझ सकते हैं कि अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में जो पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं, उसका स्रोत क्या है? लेकिन वो बेहिसाब खर्च कर रहे हैं और इस शादी में बिहार और देशभर की बड़ी-बड़ी शख्सियतें शामिल होने वाली हैं. अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए तन-मन-धन की पूरी शक्ति लगा रहे हैं. वैसे, इस देश में एक से बढ़कर एक शादियां हुई हैं, जिनमें अकूत पैसा खर्च किया गया है. कारोबारी तो शादियों में बेहिसाब पैसे खर्च करते ही हैं, लेकिन किन-किन नेताओं ने अपनी बेटियों की शादी में पानी की तरह पैसा बहाया है, ये भी जान लीजिए.

कर्नाटक में जी. जनार्दन रेड्डी ने अपनी बेटी ब्राह्मणी की शादी 16 नवंबर 2016 को बेंगलुरु पैलेस ग्राउंड्स में की थी. दावा है कि उस शादी में लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. साल 2011 में अमरोहा के सांसद कंवर सिंह तंवर के बेटे की शादी हरियाणा के पूर्व विधायक सुखबीर सिंह जौनापुरिया की बेटी से हुई थी. इस शादी में ढाई सौ करोड़ रुपये खर्च होने के दावे किए गए थे.

बीजेपी (BJP) नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री बी. श्रीरामुलु की बेटी रक्षिता की शादी 2020 में हुई थी. दावा है कि उस शादी में भी लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च हुए थे. अब अनंत सिंह की बेटी की शादी चर्चा में है. हालांकि, आज एक और शादी ट्रेंड कर रही है. ये शादी काव्या मारन की है.

सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की मालकिन काव्या मारन और सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी ग्रीस में हो रही है. कल अपने करीबी दोस्तों और खास मेहमानों की मौजूदगी में दोनों शादी करेंगे. इस शादी में शामिल होने के लिए सुपरस्टार रजनीकांत अपने परिवार के साथ ग्रीस गए हैं. तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन भी अपनी पत्नी दुर्गा स्टालिन के साथ एयरपोर्ट पर देखे गए हैं. शादी के बाद 21 नवंबर को चेन्नई में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किए जाने की खबर है.

यह भी पढ़ें: फिल्मी सितारों का जमावड़ा और करोड़ों के तोहफे, अनंत सिंह के गांव लदमा में होगी ऐसी शादी कि न किसी ने देखा होगा और न सुना होगा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES