App

मोकामा में गंगा पार करने का नया विकल्पः नए रेल पुल पर रात 1:40 बजे 90 KMPH की स्पीड से गुजरी महानंदा एक्सप्रेस

मोकामा में गंगा नदी पर बने नए डबल-लाइन रेल पुल पर रविवार-सोमवार की रात महानंदा एक्सप्रेस गुजरी. रविवार को रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) ने डबल-लाइन पुल का निरीक्षण किया. बता दें कि इससे मोकामा और बरौनी के बीच रेल यातायात आसान हो गया है.

मोकामा में गंगा पार करने का नया विकल्पः नए रेल पुल पर रात 1:40 बजे 90 KMPH की स्पीड से गुजरी महानंदा एक्सप्रेस
Image Credit: मोकामा नया रेल पुल (जी मीडिया)

मोकामा में गंगा नदी पर राजेंद्र पुल के समानांतर बने डबल लाइन नए रेल पुल से परिचालन शुरू हो गया है. रविवार- सोमवार (5 अक्टूबर, 2026) की दरम्यानी रात करीब 1:40 बजे महानंदा एक्सप्रेस इस पुल से होकर गुजरी. महानंदा एक्सप्रेस ने करीब 90 KMPH की रफ्तार से पुल को पार किया. इस नए पुल पर ट्रेनों को अधिकतम 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाने की क्षमता है. 

राजेंद्र सेतु के साथ अब तीन रेल लाइनें
नए डबल लाइन रेल पुल को पटना की तरफ राजेंद्र सेतु से लगभग 50 मीटर की दूरी पर उसके समानांतर बनाया गया है. सबसे खासबात यह है कि नए पुल पर परिचालन शुरू होने के बाद भी पुराने राजेंद्र सेतु पर ट्रेनों का परिचालन शुरू रहेगा. ऐसे में अब गंगा नदी को पार करने वाले इस हिस्से पर कुल तीन रेल लाइनें उपलब्ध हो चुके हैं.

जानें इस नए डबल रेल के बारे में-
नए पुल की शुरुआत होने से मोकामा में गंगा पार करने के लिए नया विकल्प मिल गया है. बता दें कि इस पुल को करीब 2400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इसकी कुल लंबाई 15.5 KM की है. इसमें गंगा पर बना 1.9 किलोमीटर लंबा मुख्य रेल पुल भी शामिल है. मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य पुल में नदी के ऊपर 17 स्टील स्पैन बनाए गए हैं. इसके अलावा, 3.6 KM लंबा रेल वायडक्ट, आठ छोटे पुल, दो रोड ओवरब्रिज और तीन रेल ओवर रेल का निर्माण किया गया है.

पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
नई रेल लाइन से और भी आने-जाने वाली ट्रेनों को फायदा मिल सकेगा.  नए पुल पर परिचालन शुरू होने के साथ ही रेलवे ने इसके औपचारिक उद्घाटन की तैयारियां भी शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार, इस पुल का उद्घाटन पीएम मोदी कर सकते हैं. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

इनपुट: रजनीश

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More