'जीते-जी साथ नहीं रखा, तो मरने के बाद भी यहीं रहेगी', पति के दरवाजे पर मायके वालों ने किया शादीशुदा बेटी का अंतिम संस्कार
मुजफ्फरपुर में मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर मार देने का आरोप लगाया. साथ ही पति के दरवाजे पर ही विवाहिता का अंतिम संस्कार कर दिया. दरवाजे पर ही विवाहिता के शव का अंतिम संस्कार कर देने के बाद गांव में चर्चा का विषय बना गया.
मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही पंचायत स्थित मोहम्मदपुर पताही गांव में उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब एक विवाहिता का उसके मायके वालों ने जहर देकर मार डालने का आरोप लगाते हुए पति के दरवाजे पर ही विवाहिता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया. मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी विभा ठाकुर के रूप में हुई है. श्मशान घाट के बदले पति के दरवाजे पर ही पत्नी का अंतिम संस्कार पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. फिलहाल, इस मामले में सदर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है और पुलिस ने जांच-पड़ताल भी शुरू कर दी है.
मृतका के भाई आकाश चौधरी के अनुसार, साल 2014 में उनकी बहन विभा की शादी मोहम्मदपुर पताही गांव निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी. शादी के बाद एक पुत्री भी हुई, जिसकी उम्र 12 वर्ष है. आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था और विभा समय-समय पर इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दिया करती थी.
आकाश का आरोप है कि गर्भवती रहने के दौरान भी चंदन और उसके परिवार के लोग विभा पर गर्भपात कराने का दबाव बनाते थे. जब विवाद बढ़ने लगा, तो विभा अपने मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी और बच्चे के जन्म के बाद वह वापस लौट गई. हालांकि, पति-पत्नी के बीच बढ़ते विवाद के बाद तलाक तक की नौबत आ गई और मामला न्यायालय में पहुंच गया. आकाश के मुताबिक, इस मामले में 12 दिसंबर को अंतिम फैसला भी आने वाला था.
परिजनों का कहना है कि छठ पूजा की संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले विभा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, तो उसने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दी. तबीयत खराब होने की सूचना के बाद मौसेरे भाई राहुल ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया.
आकाश का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि विभा का लीवर और किडनी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं. उन्हें आशंका है कि खाने के साथ कोई विषैला पदार्थ दिया गया था, लेकिन इलाज के दौरान विभा की मौत हो गई. मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शव लेकर मोहम्मदपुर पताही गांव स्थित विभा के ससुराल पहुंचे. इसके बाद पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार किया गया.
इस दौरान आकाश चौधरी ने भावुक होते हुए कहा कि जब जीते-जी बहन को साथ नहीं रखा गया, तो कम से कम मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार उसके पति के दरवाजे पर कर दिया, ताकि अब वह हमेशा यहीं रहे. फिलहाल, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. मामले में पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
इनपुट: मणितोष कुमार
यह भी पढ़ें: ट्रक, ट्रैक्टर और टेंपो की टक्कर, कटिहार में सड़क हादसे ने छीनी 3 जिंदगियां, घर के चिराग बुझने से पसरा मातम