मंदिर का गेट अंदर से था बंद, खुला तो मिला महंत का शव: मुंह से निकल रहा था झाग, मुजफ्फरपुर में हड़कंप
मुजफ्फरपुर में बंद मंदिर के अंदर संदिग्ध अवस्था में महंत का शव मिला, जिसकी वजह से इलाके में सनसनी मच गई. फिलहाल, पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी है.
मुजफ्फरपुर जिला के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूघाट रोड स्थित एक मंदिर में 80 वर्षीय महंत महावीर दास का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के समय मंदिर का गेट अंदर से बंद था और महंत का शव फर्श पर पड़ा हुआ था. उनके मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है.
मंदिर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला महंत का शव
बुधवार सुबह के समय जब मंदिर में पूजा-पाठ शुरू नहीं हुआ और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो स्थानीय लोगों को संदेह हुआ. लोगों ने किसी तरह अंदर झांककर देखा तो महंत मृत अवस्था में पड़े थे. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिकंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
बीमार महंत महावीर दास की संदिग्ध मौत
स्थानीय निवासियों के अनुसार, महंत लंबे समय से मंदिर में ही रहकर पूजा-पाठ और उसकी देखरेख करते आ रहे थे. लोगों ने यह भी बताया कि वे पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे और नियमित रूप से दवाइयां ले रहे थे.
महंत का किसी के साथ किसी भी प्रकार का कोई नहीं था विवाद
वहीं, मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर में मंदिर के आचार्य पंडित रंजीत नारायण तिवारी ने बताया कि महंत का किसी के साथ किसी भी प्रकार का कोई विवाद नहीं था.
जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा
मामले की जानकारी देते हुए सिकंदरपुर थानाध्यक्ष राकेश मोहन ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया गया है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार