)
Madhubani News: बिहार के मधुबनी में चापाकल सूख जाने से पेयजल का संकट गहराता हुआ नजर आ रहा है. पेयजल के संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. यह मामला मधुबनी जिले के मधवापुर प्रखंड क्षेत्र की मुखियापट्टी पंचायत अंतर्गत नवटोली गांव का है, जहां वार्ड नंबर-3 में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है.
गांव में लगे अधिकांश चापाकल सूख जाने के कारण लोगों को पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. खासकर महिलाओं को घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए दूर-दराज के स्थानों से बाल्टी और बर्तनों में पानी ढोकर लाना पड़ रहा है. ग्रामीणों के अनुसार, गांव के करीब 200 परिवार इस जल संकट से प्रभावित हैं. पेयजल की समस्या का असर पशुओं पर भी पड़ रहा है और लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं.
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना यहां पूरी तरह विफल है. ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार पीएचईडी विभाग के अभियंताओं को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है. इसके बावजूद अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इससे नाराज ग्रामीणों ने विभाग और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की.
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द नल-जल योजना को दुरुस्त कर पूरे गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो यहां लगातार आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शन में परमेश्वर महतो, संजय महतो, बिल्टू महतो, सुनैना देवी, सीता देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. ग्रामीणों का कहना है कि जिले के बिस्फी, मधवापुर, बेनीपट्टी सहित कई प्रखंडों के दर्जनों गांवों में चापाकल सूख जाने से लोग गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण