मधुबनी निवासी पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पर जापान में जापानी महिला से यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है. जापान के नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा तैराक पर महिला होटल कर्मी से यौन उत्पीड़न और छेड़खानी का आरोप लगा. आरोपी तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड क्षेत्र के रथौस गांव का निवासी है.
जापान पुलिस ने 40 वर्षीय तैराक को होटल से हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि होटल कर्मी महिला शम्स आलम के कमरे में हाउसकीपिंग का काम करने पहुंची थी. उसी दौरान खिलाड़ी ने महिला कर्मी से अश्लील हरकत और जबरदस्ती करने का प्रयास किया. महिला कर्मी किसी तरह कमरे से बाहर निकली और अपने अधिकारियों को आपबीती बताई.
होटल अधिकारियों की सूचना पर जापान पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंची. भारतीय टीम के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई. जापानी पुलिस गिरफ्तार खिलाड़ी को कोर्ट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी थी. भारतीय अधिकारियों की ओर से होटल प्रबंधन और पीड़िता से लिखित माफी मांगने पर कानूनी प्रक्रिया रोक कर उसे वापस भारत भेजा गया.
भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) उक्त पैरा तैराक पर आजीवन प्रतिबंध को लेकर विचार कर रही है. पैरा तैराक शम्स आलम तीसरी बार एशियन पैरा गेम्स में शामिल होने जापान गया था. उसकी घिनौनी हरकत से देश और पूरी भारतीय टीम को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा.
इस पूरी वारदात से भारतीय प्रतिनिधिमंडल को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा. उसे सुबह की पहली फ्लाइट से नागोया से भारत वापस भेजा गया. वह एशियन पैरा गेम्स के स्विमिंग वर्ग में शामिल था और तीसरी बार उसका चयन देश के लिए किया गया था.
भारतीय टीम के अधिकारियों ने की गई कार्रवाई से भारत सरकार और खेल मंत्रालय को अवगत करा दिया है. पूरी टीम के वापस लौटने के बाद दोषी पर आजीवन प्रतिबंध को लेकर फैसला लिया जा सकता है.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण ठाकुर