मधुबनी में मां से मारपीट की शिकायत कर लौट रही नवविवाहिता की चाकू मारकर हत्या, पूर्व प्रेमी पर लगा गंभीर आरोप
बिहार के मधुबनी जिले के सर्वसीमा गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. परिजनों ने विपुल चौधरी उर्फ जतिन पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस प्रेम-प्रसंग, पैसों के लेन-देन समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
बिहार के मधुबनी जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. परिजनों ने गांव के ही विपुल चौधरी उर्फ जतिन पर हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया. इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
तीन महीने पहले किया था प्रेम विवाह
बताया जा रहा है कि काजल कुमारी लोहना पंचायत के सर्वसीमा गांव की रहने वाली थी. उसके पिता की मृत्यु वर्ष 2002 में हो गई थी. इसके बाद उसकी मां सुनीता देवी ने अपनी दोनों बेटियों, काजल और पूजा का पालन-पोषण किया. परिजनों के मुताबिक, काजल का पहले विपुल चौधरी उर्फ जतिन के साथ प्रेम-प्रसंग था, लेकिन बाद में दोनों के बीच संबंध टूट गए. इसके बाद काजल ने करीब तीन महीने पहले शिवम राय से प्रेम विवाह कर लिया था और वह अपने पति के साथ दरभंगा में रह रही थी.
ये भी पढ़ें: मोतिहारी में राकेश शर्मा के घर पुलिस का छापा, इसकी वजह कहीं नागा सिंह की बेशकीमती जमीन तो नहीं?
थाने से लौटते समय चाकू से हमला
परिजनों के अनुसार, विपुल चौधरी ने हाल ही में काजल की मां सुनीता देवी के साथ मारपीट की थी. इसकी जानकारी मिलने पर काजल मायके पहुंची और अपनी मां को लेकर शिकायत दर्ज कराने भैरवस्थान थाने गई. थाने से लौटने के दौरान वह अपनी चाची के घर के पास चापाकल पर पानी पीने लगी. इसी दौरान आरोप है कि विपुल चौधरी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोबाइल फोन के जरिए काजल के पति को भी उसकी हत्या की सूचना दी.
प्रेम-प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच
भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रेम-प्रसंग, पैसों के लेन-देन समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है. घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है और हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फिलहाल, काजल की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण