)
मधुबनी के बाबूबरही थाना के बलिराजगढ़ गांव में पुलिसकर्मी चंद्रमोहन सिंह द्वारा अपने सर्विस पिस्टल से गोली चलाने के मामले में एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की है. बलिराजगढ़ पिकेट पर तैनात चार पुलिसकर्मियों समेत पांच पुलिसवालों को निलंबित कर बर्खास्तगी की कार्रवाई की जा रही है. अभियुक्त चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी के लिए 12 विशेष टीमें गठित की गई हैं. चार टीमों को बॉर्डर पार नेपाल भी भेजा गया है.
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक अशोक यादव की पत्नी के बयान पर बाबूबरही थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पीड़िता का मेडिकल और कोर्ट में बयान कराया गया है. फरार एएसआई की जल्द गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण नहीं होने पर की जाएगी बुलडोजर की कार्रवाई.
एसएसपी ने कहा कि हत्याकांड में न्यायालय से वारंट और कुर्की प्राप्त की जा रही है. जल्द ही आरोपी के घर की कुर्की प्रभावी तरीके से करने की तैयारी की जा रही है. 12 विशेष टीमें जिले के अंदर, बाहर और नेपाल बॉर्डर की तरफ आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने कहा कि हत्या के इस कांड में जल्द अनुसंधान पूरा कर स्पीडी ट्रायल चलाकर एएसआई चंद्रमोहन को कड़ी सजा दिलाई जाएगी. मामले के अनुसंधान के लिए एसआईटी (SIT) टीम गठित कर दी गई है. आरोपी फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह की तस्वीर सभी जगह प्रसारित कर दी गई है.
उन्होंने कहा कि आरोपी के वर्तमान लोकेशन की सूचना देने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये का इनाम देने का एलान किया गया है. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी. सूचना देने के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9031674255 पर सूचना दें. इस आरोपी के ऊपर मधुबनी पुलिस अन्य अपराधियों से भी ज्यादा कठोर कार्रवाई करेगी.
बता दें कि घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर अस्पताल जाकर पीड़ित और उनके परिजनों से भेंट की. उसके बाद संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. आरोपी के खिलाफ बाबूबरही थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.
रिपोर्ट: बिंदु भूषण