काली पूजा का मेला देखने जा रहे 3 चचेरे-फुफेरे भाइयों की मौत, मधेपुरा सड़क हादसे से मचा कोहराम
बिहार के मधेपुरा में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि काली पूजा का मेला देखने तीनों चचेरे-फुफेरे भाई जा रहे थे. तीन युवकों की मौत से इलाके में मातम पसर गया है. फिलहाल, पुलिस घटना की जांच कर रही है.
मधेपुरा जिले के बिहारीगंज बायपास रोड स्थित एसएच-58 पर मंगलवार रात करीब 8:45 बजे भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. इससे पूर्व मंगलवार देर शाम मधेपुरा में बड़ा हादसा हुआ, जहां तेरह लोग घायल हो गए थे. जबकि, एक की मौत हो गई थी. बिहारीगंज में सड़क हादसा अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से हुआ. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
वाहन की टक्कर से एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत
मृतकों की पहचान बिहारीगंज प्रखंड के गमैल पंचायत अंतर्गत गोरपार वार्ड संख्या-14 निवासी मो. सुल्तान के पुत्र मो. जमशेद, मो. सत्तार के पुत्र मो. खुशो और सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र अंतर्गत देहदर निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. आफताब के रूप में हुई है. मो. जमशेद और मो. खुशो आपस में चचेरे भाई थे, जबकि मो. आफताब उनका फुफेरा भाई था.
मधेपुरा में अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों युवक खाना खाने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर सरौनी कला में आयोजित काली पूजा का मेला देखने जा रहे थे. इसी दौरान बिहारीगंज बायपास रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को पुलिस प्रशासन की मदद से बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई. बिहारीगंज थानाध्यक्ष लव कुश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेजा जाएगा. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है.
सड़क हादसे ने उजाड़ा परिवार, मौत से इलाके में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि एक ही परिवार से जुड़े तीन युवकों की असामयिक मौत से गोरपार समेत आसपास के इलाके में शोक की लहर है. हर किसी की आंखों में इस हादसे के बात नम और आंसू है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार
यह भी पढ़ें: महादेवपुर घाट से स्नान कर वापस सिंघेश्वर लौट रहे थे और मधेपुरा में हो गया हादसा, 13 लोग घायल, एक की मौत