SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

महादेवपुर घाट से स्नान कर वापस सिंघेश्वर लौट रहे थे और मधेपुरा में हो गया हादसा, 13 लोग घायल, एक की मौत

मधेपुरा में 10 नवंबर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जबकि एक की मौत हो गई. वहीं, घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं. बताया जा रहा है कि सभी लोग महादेवपुर घाट से स्नान कर वापस सिंघेश्वर लौट रहे थे.

Edited By Shailendra
Published: Nov 10, 2026, 06:14 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 06:23 PM IST
Image Credit: मधेपुरा में भीषण सड़क हादसा, 13 लोग घायल, एक की मौत (Z News)
Join

मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर चौक के समीप मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. सीएनजी ऑटो और दो बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में कुल 13 लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई. घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं. मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, सीएनजी ऑटो में सवार सभी लोग सिंघेश्वर के रहने वाले थे. वे महादेवपुर घाट से स्नान कर वापस सिंघेश्वर लौट रहे थे. इसी दौरान मानिकपुर ओवरब्रिज के समीप यह भीषण हादसा हो गया. दुर्घटना में ऑटो में सवार अधिकांश महिलाएं घायल हुई हैं. घायलों में कई लोगों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. जैसे-जैसे घटना की जानकारी उनके परिजनों को मिल रही है, वे सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं.

घटना के संबंध में अस्पताल में इलाजरत घायल प्रिंस कुमार ने बताया कि वह बाइक से मधेपुरा से पुरैनी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान मानिकपुर ओवरब्रिज के समीप एक सीएनजी ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी. इसके बाद सीएनजी ऑटो भी चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और आगे जा रही एक अन्य बाइक को टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में कुल 13 लोग घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही भर्राही थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची.

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया. इसी दौरान एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही मौत हो गई. मृतक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है.

इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. घायलों में तीन लोगों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं, एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है.

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है. घायलों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. अस्पताल में परिजनों के पहुंचने का सिलसिला जारी है. इस भीषण सड़क दुर्घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार

यह भी पढ़ें: विचित्र वारदात: बकरी को कुत्ते के काटने के विवाद में जमुई में मर्डर, वैशाली में युवक को पहले गोली मारी और फिर उठा ले गए बदमाश

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES