App

मधेपुरा से अगवा नाबालिग UP के बागपत से बरामद, लड़की को बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार

मधेपुरा जिले से लापता नाबालिग लड़की को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बागपत से सकुशल बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, नाबालिग को उत्तर प्रदेश में बेचे जाने की बात सामने आई थी. मामले में रेशमी खातून और अंकुश कुमार को गिरफ्तार किया गया है.

मधेपुरा से अगवा नाबालिग UP के बागपत से बरामद, लड़की को बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

मधेपुरा पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक मधेपुरा डॉ. संदीप सिंह के निर्देश पर मानव व्यापार निरोध इकाई की टीम ने तकनीकी सहयोग और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की. इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

बागपत के गांव से नाबालिग को किया गया बरामद

इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि गठित टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र अंतर्गत बाउली पट्टी देशू गांव से नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद किया. इस मामले में मधेपुरा जिले के श्रीपुर चकला निवासी रेशमी खातून उर्फ कसीदा खातून (करीब 26 वर्ष), पति मो. इस्लाम और उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र निवासी अंकुश कुमार उर्फ आकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया है.

जांच में उत्तर प्रदेश में बेचे जाने की बात आई सामने

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर नाबालिग को उत्तर प्रदेश में बेचे जाने की बात सामने आई थी. इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और अन्य जानकारियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे बरामद किया. बरामद नाबालिग का माननीय न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

चाय में नशीली दवा मिलाकर बेहोश करने का नाबालिग ने लगाया आरोप

वहीं, बरामद नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि रेशमी खातून ने उसे चाय में नशीली दवा मिलाकर पिला दी थी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. लड़की के मुताबिक, बेहोशी की हालत में ही उसे उत्तर प्रदेश ले जाकर बेच दिया गया था. वहीं, इस मामले में एसडीपीओ अजय कुमार ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More