लखीसराय DM का कड़ा रुख, दुर्गा पूजा में ड्यूटी से गायब मिले 21 अधिकारियों पर गिरी गाज, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
कोलकाता में दुर्गापूजा के दौरान हुई भगदड़ के बाद बिहार में पुलिस प्रशासन अलर्ट है. इसी बीच लखीसराय में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात 21 पदाधिकारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए. डीएम ने सभी अनुपस्थित पदाधिकारियों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है.
दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता में हुई भगदड़ के बाद बिहार के पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इसी कड़ी में लखीसराय से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां, दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस बल को तैनात किया गया है. इसी कड़ी में 21 पदाधिकारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए. इसमें जिला स्तरीय पदाधिकारी भी शामिल हैं. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार ने सभी अनुपस्थित पदाधिकारियों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है. इस कार्रवाई से ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया है.
सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिरों और पंडालों में तैनाती
दरअसल, कोलकाता की घटना के बाद सरकार की ओर से जारी अलर्ट को देखते हुए लखीसराय जिले में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रण करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिले के सभी प्रमुख मंदिरों और पूजा पंडालों में पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों को भी तैनात किया गया था. भीड़ को नियंत्रण करने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जगहों पर जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
डीएम ने मांगा जवाब
वहीं, डीएम शैलेंद्र कुमार और एसपी ने भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद निरीक्षण के दौरान 21 पदाधिकारी अपने निर्धारित स्थलों से अनुपस्थित मिले. इतना ही नहीं, अनुपस्थित पाए गए कुछ पदाधिकारियों के मोबाइल फोन भी बंद मिले. इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है.
वैशाली में भी सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था
दुसरी ओर वैशाली जिले में भी दुर्गापूजा धूमधाम से मनाई गई. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं. एसएसपी शुभांक मिश्रा के साथ तीनों अनुमंडलों के एसडीएम और एसडीपीओ रातभर सड़कों पर गश्त करते रहे. हाजीपुर अनुमंडल में एसएसपी शुभांक मिश्रा, एसडीएम विशाल और सदर एसडीपीओ सक्रिय रहे, जबकि महुआ और महनार अनुमंडल में संबंधित अधिकारियों ने सुरक्षा की कमान संभाली. वैशाली जिले में कुल 460 स्थानों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी. एसएसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे, जबकि कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहा. वहीं सदर एसडीएम कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग कर रहे थे.
रिपोर्ट: राज किशोर मधुकर