)
लखीसराय में एक 60 साल के बुजुर्ग की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. बुजुर्ग ने अपने से काफी छोटी लड़की से शादी की है. वायरल वीडियो में बुजुर्ग और उसकी दुल्हन दोनों शादी की रस्में निभाते दिख रहे हैं. वीडियो वायरल होने पर युवती की उम्र को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. कुछ लोगों का कहना है कि युवती नाबालिग है. हालांकि, अभी तक किसी ने इस संबंध में पुलिस में मामला नहीं दर्ज कराया है. वायरल वीडियो लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का बताया जा रहा है. हालांकि, ज़ी मीडिया इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
लड़की की उम्र की कैसे हो सकती है जांच?
इस मामले में युवती की वास्तविक उम्र और शादी की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. वहीं, लखीसराय पुलिस की ओर से भी वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. पुलिस की ओर से जांच किए जाने के बाद ही वीडियो की सत्यता, शादी की परिस्थितियों और युवती की उम्र से जुड़े सवालों पर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. लड़की के जन्म प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र या अन्य वैध दस्तावेजों के आधार पर ही वास्तविक उम्र की पुष्टि की जा सकती है. सिर्फ वायरल वीडियो के आधार लड़की की उम्र को लेकर कोई ठोस दावा नहीं किया जा सकता है.
अगर नाबालिग हुई दुल्हन तो फंस जागा दूल्हा
हां, अगर लड़की वास्तव में नाबालिग पाई गई तो फिर बुजुर्ग दूल्हे को कानूनी प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ सकता है. अगर लड़की की उम्र 18 वर्ष से कम पाई जाती है, तो बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत कानूनी जांच का सामना करना पड़ सकता है. इस कानून के तहत बाल विवाह करने, कराने या इसमें सहायता करने पर दो वर्ष तक का कठोर कारावास और 1 लाख रुपये तक का जुर्माना की सजा का प्रावधान है. इसके अलावा बुजुर्ग पति पर पॉक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया जा सकता है. इस एक्ट के तहत न्यूनतम 3 वर्ष की जेल से लेकर फासी तक की सजा का प्रावधान है.