App

किशनगंज न्यूज: थाना परिसर में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

किशनगंज में थाना परिसर में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली. बताया जा रहा है कि उनका परिवार के साथ पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. हालांकि, मामले की जांच की जा रही है.

किशनगंज न्यूज: थाना परिसर में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत
Image Credit: किशनगंज थाना परिसर में कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली (वीडियो ग्रैब)

किशनगंज जिले के सदर थाना परिसर में तैनात एक कांस्टेबल ने रविवार (11 अक्टूबर, 2026) सुबह अपनी सर्विस पिस्टल से सिर में गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान भागलपुर निवासी 35 वर्षीय समीर कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, समीर कुमार थाना परिसर स्थित बैरक में थे. सुबह उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

कांस्टेबल ने क्यों उठाया ये कदम
बताया गया कि घटना से पहले कांस्टेबल ने अपने परिवार के सदस्यों से बातचीत की थी. इसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है. सदर थाना के एसडीपीओ-1 खुसरो सिराज ने भी घटना की पुष्टि की है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कांस्टेबल ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है.

परिवार के साथ चल रहा था विवाद!
पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर कुमार की पहली पोस्टिंग वर्ष 2015 में समस्तीपुर जिले में हुई थी. अगस्त 2025 में उनका तबादला किशनगंज हुआ. शुरुआती दौर में वे पुलिस लाइन में पदस्थापित थे. इसके बाद करीब छह महीने पहले उन्हें टाउन थाना में डायल-112 सेवा में तैनाती दी गई थी.

बताया जा रहा है कि उनका परिवार के साथ पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. घटना से पहले भी वह अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच और अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More