पत्नी का केस और साहब का ट्रांसफर! खगड़िया SP भानु प्रताप बुलाए गए पुलिस मुख्यालय, बिहार मे 5 IPS अधिकारियों का तबादला
बिहार पुलिस महकमे में बुधवार को बड़ा फेरबदल हुआ है. पत्नी के आरोपों से घिरे खगड़िया एसपी भानु प्रताप सिंह को बिहार पुलिस मुख्यालय पटना तलब किया गया है. साथ ही 5 IPS अधिकारियों का तबादला किया है.
बिहार में पुलिस प्रशासन के भीतर एक बार फिर बड़ा फेरबदल 4 नवंबर बुधावर को देखने को मिला है. राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 5 अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया है. इस प्रशासनिक फेरबदल के बीच सबसे ज्यादा चर्चा खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को लेकर हो रही है, जिन्हें उनके पद से हटाकर सीधे पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है.
एसपी की पत्नी पूजा सिंह की ओर से गंभीर आरोप
दरअसल, प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि इस कार्रवाई के पीछे हाल ही में एसपी भानु प्रताप सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा सिंह की तरफ से दर्ज कराया गया से है. पत्नी पूजा सिंह की ओर से गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद से ही यह मामला काफी सुर्खियों में है.
इन अधिकारियों का भी हुआ ट्रांसफर
राज्य सरकार के गृह विभाग ने 5 आईपीएस अधिकारियों के तबादले को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, खगड़िया एसपी के अलावा कुछ अन्य जिलों और इकाइयों के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है.
भानु प्रताप सिंह को बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश
इस लिस्ट के मुताबिक, अपराजित को राज्यपाल सचिवालय में राज्यपाल का परिसहाय (पुलिस) नियुक्त किया गया है. वहीं, भानु प्रताप सिंह को पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में योगदान देने के निर्देश मिले हैं.
इन जिलों की कमान में भी बदलाव किया गया
इसके अलावा जिलों की कमान में भी बदलाव किया गया है. शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है, जबकि माहिबुल्लाह अंसारी अब शिवहर के नए एसपी होंगे. साथ ही कुमारी ममता कल्याणी को पटना स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
एसपी की पत्नी का विवाद और केस
बता दें कि बिहार राज्य महिला आयोग का पूजा सिंह ने 26 अक्टूबर को दरवाजा खटखटाया. उन्होंने महिला आयोग में अपने पति एसपी भानु प्रताप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया है. इसके बाद महिला आयोग ने एसपी को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया.
इसके बाद पूजा सिंह पटना में मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं और बाहर धरने पर बैठ गईं. प्रशासन और पटना पुलिस ने उन्हें वहां से हटाकर समाहरणालय पहुंचाया और एसडीएम से मुलाकात कराई.
रिपोर्ट: सन्नी कुमार