SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कटिहार में बड़ा हादसाः प्राचीन हनुमान मंदिर में घुसा तेज रफ्तार गैस टैंकर, पूरा मंदिर ध्वस्त

Katihar News: कटिहार के कुरसेला में तेज रफ्तार LPG टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर से टकरा गया. हादसे में मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात रही कि टैंकर से गैस रिसाव या आग लगने की बड़ी घटना नहीं हुई.

Edited By Rupak Kumar
Published: Sep 29, 2026, 10:12 AM IST | Updated: Sep 29, 2026, 10:24 AM IST
Image Credit: कटिहार में प्राचीन हनुमान मंदिर में घुसा तेज रफ्तार गैस टैंकर, पूरा मंदिर ध्वस्त (zee media)
Join

Katihar News: बिहार के कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र में NH-31 पर मंगलवार की सुबह ही अमंगल हो गया, जहां एक तेज रफ्तार गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने बजरंगबली मंदिर से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर का पूरा ढांचा देखते ही देखते मलबे में तब्दील हो गया. मंदिर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा, ग्रिल, पंखा, इन्वर्टर और बिजली के सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए. यह घटना कुरसेला थाना क्षेत्र में रामपुर ग्वालटोली आदर्श ग्राम यादव टोली के समीप सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है. यह टैंकर नवगछिया की ओर से पूर्णिया की तरफ जा रहा था.

धमाके की आवाज से घरों से बाहर निकले लोग
टक्कर के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. मंदिर के क्षतिग्रस्त हिस्से और सड़क किनारे खड़े गैस टैंकर को देखकर लोगों के होश उड़ गए. पूर्व जिला पार्षद गोपाल यादव के मुताबिक, टैंकर में एलपीजी भरी हुई थी. राहत की बात यह रही कि टक्कर के बावजूद गैस रिसाव या आग लगने की कोई बड़ी घटना नहीं हुई.

एलपीजी टैंकर में नहीं हुआ गैस रिसाव
हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है. गोपाल यादव ने आशंका जताई कि चालक को नींद की झपकी आने, वाहन पर नियंत्रण खोने या किसी वाहन को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ हो सकता है. ब्रेक फेल होने की आशंका की बात भी सामने आई है. हालांकि, वास्तविक कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. हादसे में टैंकर चालक को चोट आने की बात भी सामने आ रही है. सूचना मिलने पर कुरसेला थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.

पुनर्निर्माण की उठी मांग
स्थानीय समाजसेवी मिथिलेश यादव ने कहा कि सड़क किनारे स्थित यह बजरंगबली मंदिर लंबे समय से लोगों की आस्था का केंद्र था. यहां नियमित रूप से पूजा-पाठ और कीर्तन-भजन होता था. हादसे के बाद मंदिर के पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से ग्रामीणों में नाराजगी के साथ-साथ दुख का भी माहौल है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन तथा वाहन मालिक से क्षतिग्रस्त मंदिर और प्रतिमा का विधि-विधान से पुनर्निर्माण कराने की मांग की है. पूर्व जिला पार्षद गोपाल यादव ने भी मामले में संज्ञान लेते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग की है.

रिपोर्ट - रंजन कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES