33% महिला आरक्षण पर किसकी क्या राय? परिसीमन को लेकर तेजस्वी से लेकर कांग्रेस तक ने उठाए सवाल
महिलाओं के 33 फीसदी आरक्षण को लेकर तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि एक बार सभी दलों से विमर्श लेना चाहिए था.
महिला सशक्तीकरण और देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार लगातार पहल कर रही है. साल 2023 में संसद से महिला आरक्षण से जुड़ा 106वां संविधान संशोधन पारित हुआ था. इसके तहत लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया. वहीं, अप्रैल 2026 में 131वें संविधान संशोधन विधेयक के जरिए महिला आरक्षण को परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने से जोड़कर आगे बढ़ाने की कोशिश हुई, लेकिन यह विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका. अब नवंबर में एक बार फिर परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर सियासी हलचल तेज है.
' देश की आबादी बढ़ी तो सीटें भी बढ़नी चाहिए'
जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने परिसीमन और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर अपनी पार्टी का पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक व्यवस्था में परिसीमन जरूरी है. अगर देश की आबादी बढ़ी है तो लोकसभा और विधानसभा की सीटों की संख्या भी बढ़नी चाहिए. उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी महिलाओं की है, ऐसे में उन्हें 33 प्रतिशत आरक्षण देने के मुद्दे पर असहमति जताना महिलाओं का अपमान है. नीरज कुमार ने सभी राजनीतिक दलों से दलीय मतभेदों से ऊपर उठकर परिसीमन और महिला आरक्षण बिल का समर्थन करने की अपील की. वहीं, इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर इस गठबंधन का कोई अस्तित्व नहीं है और इसके अंदर के अंतर्विरोध साफ दिखाई दे रहे हैं.
'सरकार को सभी दलों को बुलाकर विमर्श करना चाहिए था'
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने डिलिमिटेशन को लेकर कहा कि इस पर हमारा पुराना स्टैंड ही है. बेहतर होता कि सरकार सभी दलों को बुलाकर विमर्श करती तो ज्यादा बेहतर होता. वहीं, स्टालिन द्वारा बिल का समर्थन करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह उनका दल है, वे समर्थन करें या न करें यह उनका फैसला है, हमारा अपना दल है, हम अपना फैसला करेंगे.
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका था और उसी समय इसे लागू कर देना चाहिए था. बीजेपी महिला आरक्षण बिल के इम्प्लीमेंटेशन को रोक रही है और इसकी आड़ में परिसीमन करना चाहती है.
'जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण किया उनके साथ अन्याय'
शकील अहमद खान ने आरोप लगाया कि बीजेपी परिसीमन के जरिए अपने समर्थक वोट समूह को सुरक्षित करना चाहती है, ताकि उसे राजनीतिक फायदा मिल सके. उन्होंने उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण किया है, उनके साथ अन्याय नहीं होना चाहिए. उन्होंने बीजेपी पर छल-कपट और जोर-जबरदस्ती की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार बुनियादी सवालों से बच रही है और उसके पास इन सवालों का जवाब नहीं है.
यह भी पढ़ें ; पटना की खुशबू का सालाना 1.5 करोड़ का कारोबार, आनंद ने भी बदली किस्मत! बिहार में कैसे बदल रही एंटरप्रेन्योरशिप की तस्वीर