)
जमुई में नाबालिग लड़की से छेड़खानी के मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव के पिता गनौरी यादव की भी गिरफ्तारी हुई है. गनौरी यादव करीब 23 वर्षों से हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था. अब लंबे समय बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है. वहीं, उसके पुत्र नंदन यादव को भी नाबालिग से छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है.
इस मामले में कुल 11 लोगों को बनाया गया था आरोपी
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2003 में संसारा देवी पति बैजू यादव के द्वारा अपने पुत्र पूना यादव की हत्या को लेकर मामला दर्ज कराया गया था. इस मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था. मुकदमे में धारा 147, 148, 149, 302, 34 आईपीसी और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी.
23 वर्षों तक फरारी के बाद अब उसकी गिरफ्तारी हुई
बताया जा रहा है कि इस मामले के अन्य सभी आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं, जबकि गनौरी यादव लंबे समय से फरार चल रहा था. लिहाजा, करीब 23 वर्षों तक फरारी के बाद अब उसकी गिरफ्तारी हुई है.
दोनों पिता-पुत्र अब पुलिस की कार्रवाई के घेरे में
बहरहाल, एक तरफ नाबालिग से छेड़खानी के मामले में पुत्र नंदन यादव की गिरफ्तारी और दूसरी तरफ पुराने हत्या मामले में पिता गनौरी यादव की गिरफ्तारी के बाद दोनों पिता-पुत्र अब पुलिस की कार्रवाई के घेरे में हैं.
बता दें कि जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ी के पास 19 सितंबर, 2026 की शाम नाबालिग छात्रा और उसके साथी के साथ छेड़खानी और मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. पुलिस का कहना है कि मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव को पुलिस ने मुठभेड़ और पीछा करने के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी थी. इसके बाद ये दोनों आरोपी क्यूल नदी के पास जाकर छिप गए थे.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला