बिहार में चक्रवाती तूफान अकवान का असर: बांका, भागलपुर और जमुई में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में चक्रवाती तूफान अकवान के असर से बांका, भागलपुर और जमुई में भारी बारिश का अलर्ट है. साथ ही, अन्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है. वहीं, आज कुछ जिलों में मौसम शुष्क भी रहने वाला है.
बिहार के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान के कारण राज्य के कई जिलों में अब बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया है. ऐसे में सुबह और शाम के समय ठंड में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है. मौसम विभाग की माने, तो आज (21 नवंबर, 2026) बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं क्या है लेटेस्ट अपडेट-
कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), पटना के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे मौसमी सिस्टम के कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने के बावजूद इसका असर राज्य के कई हिस्सों पर पड़ेगा. विभाग ने आज राज्य के तीन जिलों- बांका, भागलपुर और जमुई में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
कई जिलों में बारिश के आसार
आज दक्षिण-मध्य- पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय और दक्षिण-पूर्व बिहार- जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है. साथ ही, इस दौरान जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
इन जिलों में होगी बारिश
वहीं, सुपौल, अररिया, किशनरंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद के भी कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इन जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम बिहार पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सारण में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन कल से बारिश होने की संभावना है. वहीं, तापमान की बात करें तो आज अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
कब साफ होगा राज्य का मौसम?
IMD ने बताया कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. साथ ही, अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है. आगे के दिनों में 22 नवंबर को भी राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश होने के आसार है.
यह भी पढ़ें: यूपी पर चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर, वाराणसी समेत पूर्वांचल के 7 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट; बढ़ेगी ठंड