App

पति-पत्नी की धारदार हथियार से काटकर हत्या, जमुई में डबल मर्डर से दहशत

जमुई में बुजुर्ग दंपति की गला रेतकर नृशंस हत्या करने का मामला सामने आया है. शुक्रवार रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया गया. शनिवार सुबह परिजनों को जानकारी हुई. कमरे से हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू और खून पोंछने वाला कपड़ा बरामद हुआ है.

पति-पत्नी की धारदार हथियार से काटकर हत्या, जमुई में डबल मर्डर से दहशत
Image Credit: जमुई में डबल मर्डर से दहशत (Z News)

जमुई जिले के चकाई प्रखंड के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के ठाड़ी पंचायत अंतर्गत लकड़ा गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने एक बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से गला रेतकर नृशंस हत्या कर दी. शनिवार को जब घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 75 वर्षीय सूरज बेसरा और उनकी 70 वर्षीय पत्नी सांझली हंसदा के रूप में की गई है. इस वीभत्स दोहरे हत्याकांड के बाद से गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है.

वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने की भी भरपूर कोशिश

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग दंपति घर में अकेले थे. शुक्रवार की देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में प्रवेश कर दोनों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारों ने साक्ष्य मिटाने की भी भरपूर कोशिश की. कमरे में फैले खून को कपड़े से साफ किया गया और प्रयुक्त धारदार चाकू को भी पोंछकर वहीं छोड़ दिया गया. परिजनों को इस वारदात की जानकारी शनिवार सुबह हुई, जिसके बाद शाम करीब पांच बजे चंद्रमंडीह थाना पुलिस को सूचित किया गया.

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करते हुए साक्ष्य जुटाए 

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार, चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, बटिया थानाध्यक्ष सुजाता प्रसाद तथा एसआई नंदन कुमार, रितेश कुमार, अमित कुमार और प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना करते हुए साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया.

मृतकों की उम्र लगभग 65 से 70 वर्ष के आसपास

मामले में एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि लकड़ा गांव में बुजुर्ग दंपति सूरज बेसरा और सांझली हंसदा की अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला रेतकर हत्या की गई है. मृतकों की उम्र लगभग 65 से 70 वर्ष के आसपास है. शवों के पास से ही हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया गया है. यह घटना बीती रात की प्रतीत हो रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि हत्या के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहन अनुसंधान कर रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

रिपोर्ट: अभिषेक निरला

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More