बेतिया के राजकीय माध्यमिक विद्यालय हिंदी, नरकटियागंज में 6 अक्टूबर 2026, दिन मंगलवार को उस वक्त बवाल मच गया, जब छात्राओं ने सहायक शिक्षक संजय कुमार पांडेय पर गंभीर आरोप लगाते हुए बैड टच की शिकायत की. छात्राओं का आरोप है कि शिक्षक किसी न किसी बहाने उन्हें अपने पास बुलाते थे और कथित तौर पर अनुचित तरीके से छूते थे. छात्राओं के अनुसार, कभी सीने पर हाथ लगाने तो कभी पीठ सहलाने और कमर पर हाथ लगाने जैसी हरकतें की जाती थी.
आरोप सामने आते ही विद्यालय में आक्रोश फैल गया. छात्र-छात्राओं ने शिक्षक के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विद्यालय परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई. छात्राओं द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर विद्यालय प्रबंधन पर भी सवाल उठने लगे.
मामला नगर के शिवगंज, वार्ड संख्या-7 स्थित विद्यालय का है. हंगामे की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आरोपित सहायक शिक्षक संजय कुमार पांडेय को हिरासत में लिया. इसके बाद पुलिस ने छात्राओं से मामले की जानकारी ली और आरोपों की जांच शुरू कर दी.
इधर, घटना की सूचना मिलने पर बीईओ संजय कुमार सिंह भी विद्यालय पहुंचे. उन्होंने छात्र-छात्राओं से पूरे मामले की जानकारी ली. बीईओ ने कहा कि छात्राओं के आरोपों की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
स्कूल में हंगामा, एक शिक्षक हिरासत में
6 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को नरकटियागंज राजकीय माध्यमिक विद्यालय के स्कूली छात्रों ने जमकर बवाल काटा. उन्होंने मिड-डे मील का खाना खाने से इनकार कर दिया और थालियां फेंक दी. मामला शिवगंज के वार्ड नंबर आठ का है. छात्रों का आरोप है कि खाने में गुणवत्ता नहीं है और लगातार खराब खाना दिया जा रहा है. वहीं, एक छात्रा ने एक शिक्षक पर बैड टच का आरोप लगाया है. सूचना मिलने पर स्कूल में प्रखंड शिक्षा अधिकारी संजय सिंह पहुंचे.
उन्होंने बताया कि स्कूल के सभी शिक्षकों पर कार्रवाई की जा रही है. वहीं जिस शिक्षक पर बैड टच का आरोप है, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी