शादी का वादा, होटल में यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग, दारोगा पर लड़की ने लगाए आरोप, दरभंगा में FIR दर्ज
दरभंगा में एक दारोगा पर मंदिर में शादी करने के बाद 30 लाख रुपये मांगने का आरोप एक लड़की ने लगाया है. लड़की का आरोप है कि दारोगा नीतीश कुमार ने उससे शादी का वादा करके होटल लेकर गया और यौन संबंध बनाया. पुलिस ने लड़की की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है.
दरभंगा जिला में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि अश्लील फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है. इस मामले में सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने महिला थाना में आवेदन देकर पुलिस अवर निरीक्षक (SI) नीतीश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. आरोपित वर्तमान में केवटी थाना में पदस्थापित बताया जा रहा है.
दारोगा नीतीश कुमार ने युवती का मोबाइल नंबर लिया और फिर...
महिला थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, युवती अपनी मां के साथ एक मामले में आवेदन देने कमतौल थाना गई थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात वहां कार्यरत एसआई नीतीश कुमार से हुई. आरोप है कि नीतीश कुमार ने युवती का मोबाइल नंबर लिया और उससे बातचीत करने लगा. बातचीत के दौरान शादी का प्रस्ताव दिया. बाद में युवती के माता-पिता से भी शादी की बात की, जिस पर वे राजी हो गए.
'कई बार होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए'
युवती का आरोप है कि दारोगा नीतीश कुमार उसे मंदिर ले गया, जहां ईश्वर को साक्षी मानकर उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी कर ली. इसके बाद कई बार होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान उसकी अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिया, जो आरोपित के मोबाइल में है.
'गर्भवती हो गई थी युवती, दारोगा ने खिला दी दवा'
युवती ने आरोप लगाया है कि इस बीच वह गर्भवती हो गई थी. इसके बाद नीतीश कुमार ने उसे दवा खिलाकर गर्भस्थ बच्चे को नुकसान पहुंचाया. जब युवती के माता-पिता ने आरोपित के परिजनों से शादी की बात की, तो वह गाली-गलौज करने लगा.
सामाजिक रूप से शादी करने के लिए 30 लाख रुपये की मांग
आरोप है कि उसने सामाजिक रूप से शादी करने के लिए 30 लाख रुपये की मांग की. रुपये नहीं देने पर अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा युवती और उसके पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी.
युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई
घटना के बाद से युवती और उसका परिवार परेशान है. महिला थाना में 17 नवंबर 2026 को कांड संख्या 202/2026 दर्ज किया गया है. युवती ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
यह भी पढ़ें: बेटे की चाहत में किडनैपर बनी मां, गुजरात से मुजफ्फरपुर आई महिला ने चुराया बच्चा, 4 घंटे में खुला राज