SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भागलपुर में गंगा का खौफनाक मंजर: आशियाना छोड़ पलायन को मजबूर हुए राघोपुर के लोग

भागलपुर में गंगा का खौफनाक मंजर देखने को मिल रहा है. जिले के राघोपुर के लोग आशियाना छोड़ पलायन करने को मजबूर हो गए हैं. लोग घर खाली कर रहे हैं और सामान लेकर ऊंचे स्थानों की ओर जा रहे हैं.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Sep 01, 2026, 03:52 PM IST | Updated: Sep 01, 2026, 04:02 PM IST
Image Credit: भागलपुर में गंगा का खौफनाक मंजर: आशियाना छोड़ पलायन को मजबूर हुए राघोपुर के लोग
Join

भागलपुर में गंगा के बढ़ते खतरे के कारण राघोपुर के लोगों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है. लाखों की कीमत वाले घर पीछे छोड़कर लोग ट्रैक्टरों पर अपना सामान लादकर जा रहे हैं. आंखों में आंसू हैं और बस अपना सामान बचाने की कोशिश जारी है. कभी इन घरों से सुबह की शुरुआत चूल्हे के धुएं और बच्चों की आवाजों से होती थी, लेकिन आज वही घर वीरान पड़े हैं. गंगा का कटाव लोगों के लिए ऐसा खौफ बन गया है कि लोग अपना आशियाना छोड़कर सुरक्षित ठिकाने की तलाश में निकल पड़े हैं. किसी के हाथ में सामान है, किसी का सामान ट्रैक्टर पर लदा है और हर किसी की आंखों में एक ही सवाल है क्या लौटकर अपना घर फिर देख पाएंगे?

बेहद दर्दनाक है पलायन की तस्वीरें 
तटबंध ध्वस्त होने के बाद गंगा की धार लगातार कटाव कर रही है. मार्जिनल बांध के कटने और मुख्य बांध पर स्थित दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर के गंगा में समाने के बाद शंकरपुर और छोटी अलालपुर के लोगों का डर और बढ़ गया है. लोग घर खाली कर रहे हैं और सामान लेकर ऊंचे स्थानों की ओर जा रहे हैं. पलायन की तस्वीरें बेहद दर्दनाक है. जिस घर को बनाने में लोगों ने अपनी जिंदगी की जमा पूंजी लगा दी, आज उसी घर से सामान निकालने की जल्दबाजी है. किसी को बर्तन बचाने हैं, किसी को अनाज, तो कोई जरूरी कागजात और बच्चों का सामान समेट रहा है. घरों में चूल्हे नहीं जल रहे, परिवार के लोग खाना तक भूलकर अपना सामान सुरक्षित जगह पहुंचाने में जुटे हैं.

मुख्य बांध भी टूट गया, तो...
लोगों की आंखों में आंसू हैं और जुबान पर सिर्फ डर. उन्हें आशंका है कि अगर मुख्य बांध भी टूट गया, तो गंगा उनके घरों को भी अपने साथ बहा ले जाएगी. लोगों का कहना है कि बहुत मेहनत से लाखों रुपये लगाकर घर बनाया था, लेकिन आज उसे छोड़कर जाने की नौबत आ गई है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर गंगा ने घर छीन लिया, तो इन परिवारों का ठिकाना क्या होगा? पीछे छूटता घर, ट्रैक्टर पर लदा सामान और आगे अनजान रास्ता, राघोपुर में पलायन की ये तस्वीरें बता रही हैं कि बाढ़ सिर्फ जमीन नहीं डुबोती, कई परिवारों के सपने भी अपने साथ बहा ले जाती है.

रिपोर्ट: अश्विनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES