SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गंडक का कहरः CM सम्राट ने चंपारण का किया हवाई सर्वेक्षण, दशहरा से पहले बाढ़ पीड़ितों को मुआवजे का ऐलान

Samrat Choudhary: चंपारण में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों और किसानों को दशहरा से पहले मुआवजा दिया जाएगा.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Rupak Kumar
Published: Sep 30, 2026, 04:06 PM IST | Updated: Sep 30, 2026, 04:18 PM IST
Image Credit: CM सम्राट ने चंपारण का किया हवाई सर्वेक्षण
Join

Samrat Choudhary: चंपारण में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया. इसके बाद उन्होंने बैरिया के राजकीय उच्च विद्यालय बथना में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और राहत शिविर व सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत-बचाव कार्य तेज करने और टूटे तटबंधों की जल्द मरम्मत के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से बात करते हुए कहा कि को दशहरा से पहले मुआवजा दिया भी जाएगा.

बाढ़ पीड़ितों को दशहरा से पहले मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ पीड़ितों से बात करते हुए कहा कि बिहार के सभी बाढ़ पीड़ितों को दशहरा से पहले मुआवजा सरकार उनके खातों में भेजेगी साथ ही किसानों को फसल का मुआवजा भी दिया जाएगा. बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक किचन निरंतर सुचारू रूप से चलता रहेगा. जो लोग सामुदायिक किचन तक नहीं पहुंच सकते हैं, उन लोगों को सूखा राशन दिया जाएगा. उसके बाद उन्होंने कहा कि जिले में जितने भी तटबंध टूटे हैं, सभी की बहुत जल्द मरम्मत की जाएगी. बाढ़ के स्थायी निदान के लिए सरकार गंडक और कोसी नदी का पक्कीकरण कर बाढ़ का स्थायी निदान करेगी.

20 साल का टूटा रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण और सरकार की तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. पश्चिमी चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस बार बाढ़ का 20 साल का रिकॉर्ड टूट गया है. गंडक नदी से कभी इतना पानी डिस्चार्ज नहीं हुआ था, जिसके चलते कई जगह तटबंध टूट गए हैं. सभी तटबंधों की मरम्मत होगी और सभी बाढ़ पीड़ितों को दशहरा से पहले मुआवजा दिया जाएगा.

बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा
वहीं बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि गंडक के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री का हवाई सर्वेक्षण और स्थल निरीक्षण सरकार की सतर्कता को दिखाता है. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को राहत कार्यों के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं और सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है. बीजेपी प्रवक्ता ने बाढ़ से स्थायी निजात के लिए कदम उठाने और नेपाल के साथ इस संबंध में समझौते को लेकर बातचीत की बात भी कही.

एजाज अहमद ने मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण पर उठाया सवाल
वहीं, आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण पर सवाल उठाते हुए जमीन पर जाकर बाढ़ की स्थिति का आकलन करने की मांग की. उन्होंने चंपारण, बेतिया, मोतिहारी और गोपालगंज में स्थिति गंभीर होने का दावा करते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने की मांग की. एजाज अहमद ने कहा कि केंद्र से राहत राशि और बिहार को विशेष पैकेज दिए जाने की मांग होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने बिहार को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की तेजस्वी यादव की मांग का भी जिक्र किया.

सरकार पहले दिन से अलर्ट
दूसरी ओर जेडीयू प्रवक्ता चंदन सिंह ने मुख्यमंत्री के हवाई सर्वेक्षण को सरकार की तत्परता का हिस्सा बताया. उन्होंने कहा कि चंपारण में तटबंध टूटने की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. जेडीयू प्रवक्ता के मुताबिक, नेपाल से आने वाले बाढ़ के पानी और गंडक के बढ़ते जलस्तर को लेकर बिहार सरकार पहले दिन से अलर्ट मोड में है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है.

बिहार के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग
इधर कांग्रेस प्रवक्ता स्नेहाशीष वर्धन ने हवाई सर्वेक्षण को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करने और बिहार के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग उठाने को कहा. उन्होंने बाढ़ राहत कार्यों में तेजी लाने के साथ नेपाल सरकार से बातचीत कर बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की.

रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी (बेतिया), शिवम राज (पटना)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES