SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पटना में दुर्गा पूजा पंडाल के पास फायरिंग, भोजपुर में बदले की आग में बुजुर्ग की हत्या

पटना में दुर्गा पूजा पंडाल के पास फायरिंग की घटना हुई है. इस दौरान एक युवक को बांह में गोली लगी है. वहीं, भोजपुर में आपसी रंजीश में एक बुजुर्ग की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Oct 20, 2026, 11:40 AM IST | Updated: Oct 20, 2026, 11:50 AM IST
Image Credit: पटना में दुर्गा पूजा पंडाल के पास फायरिंग, भोजपुर में बुजुर्ग की हत्या (जी मीडिया)
Join

पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 53 के पास देर रात गोली चलने से एक युवक घायल हो गया. घटना श्री श्री दुर्गा पूजा महोत्सव युवा संघ की ओर से स्थापित दुर्गा प्रतिमा के पास की है. यहां प्रसाद वितरण के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद मारपीट हुई और गोली चलने लगी. घायल युवक के अनुसार, वह पूजा पंडाल के पास प्रसाद बांट रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर सामने वाले व्यक्ति से विवाद हो गया. पहले दोनों के बीच हाथापाई हुई. इसके बाद सामने वाले ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी.

गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी

युवक का कहना है कि गोली उसकी बांह में लगी है. घटना के दौरान करीब चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है. गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल युवक की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. विवाद किस बात को लेकर हुआ और गोली चलाने वाला कौन था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस घटनास्थल पर हुई घटना और घायल युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

भोजपुर में बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या

वहीं, भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र में स्थित विष्णुपुर गांव में बदले की भावना से एक बुजुर्ग व्यक्ति की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस हमले में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई. मृतक की पहचान विशुनपुर गांव निवासी 72 वर्षीय बसंत सिंह के रूप में हुई है. उनकी पत्नी 65 वर्षीय कुसुम देवी का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है. गंभीर चोटों के कारण बसंत सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि कुसुम देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है. सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रतिशोध की बात सामने आई है. आरोपित रामाशंकर सिंह के भांजे शांतनु सिंह की 16 अक्टूबर की रात पवना बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

यह भी पढ़ें: मोतिहारी में राकेश शर्मा के घर पुलिस का छापा, इसकी वजह कहीं नागा सिंह की बेशकीमती जमीन तो नहीं?

शांतनु सिंह अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव का रहने वाला था. इस हत्याकांड में बसंत सिंह के नाती अश्वनी सिंह उर्फ मोलू को आरोपित बनाया गया था. पुलिस ने अश्वनी उर्फ मोलू को गिरफ्तार किया था. पुलिस का कहना है कि भांजे शांतनु की हत्या से नाराज रामाशंकर सिंह ने विशुनपुर गांव में बसंत सिंह और उनकी पत्नी कुसुम देवी पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया. हमले में बसंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

भोजपुरा से मनीष कुमार सिंह और पटना से प्रकाश कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES