30 फीट ऊंचा स्टेज और शाही सजावट, अनंत सिंह की बेटी की शादी में क्या-क्या होगा इंतजाम, इवेंट मैनेजर ने बताया सबकुछ
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां जोरो पर चल रही है. शादी समारोह की जिम्मेदारी संभाल रहे इवेंट मैनेजर प्रदीप जायसवाल ने बताया कि 30 फीट ऊंचा जायमाल का स्टेज होगा और सजावट शाही होगी.
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर मंडप और जयमाला स्टेज तैयार हो रहा है. दस बीघा में जयमाला स्टेज तैयार हो रहा है. इसी पंडाल में हजारों बाराती शिवांगी ऋषिकेश की जयमाला का आनंद उठाएंगे. टेंट के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से बेहतरीन कलाकार मंगाए गए हैं. वहीं, पंडाल में खूबसूरत सतरंगी लाइट बंगाल से मंगवाए गए हैं. शादी समारोह में इवेंट मैनेजर प्रदीप जायसवाल ने बताया कि जयमाला के लिए मंडप तैयार हो रहा है. इसके ठीक बीच में रेस्टोरेंट टाइप फूड स्टॉल होंगे. यह स्टेज जयपुर के पत्रकार चौक के थीम पर बनकर तैयार हो रहा है.
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर आधारित है. इसमें लाल किला या ताजमहल जैसा कोई भी नजारा देखने को नहीं मिलेगा. यह उन्होंने एक बेहद ही खूबसूरत मंडप चुना है और इसे बनाने के लिए सैकड़ों कारीगर जी-जान से जुटे हैं. यह स्टेज एक सौ फीट चौड़ा और 35 फीट लंबा है. वहीं, इसकी ऊंचाई लगभग 30 फीट है.
शादी समारोह में इवेंट मैनेजर प्रदीप जायसवाल ने बताया कि इससे पहले वे बिहार के पूर्व राज्यपाल फागू चौहान की पोती की शादी में भी स्टेज और टेंट का काम किए थे. वही उनके घर में उन्होंने तीन कार्यक्रम में काम किया है. उन्होंने कहा कि वे कई सेलिब्रिटीज का कार्यक्रम कर चुके हैं, लेकिन पहली बार इतने बड़े इवेंट को कराने की जिम्मेदारी ली है.
इस शाही शादी में लाखों लोग पहुंचेंगे और उनके लिए यहां मंडप टेंट समेत तमाम चीजें बनाई जा रही हैं. उन्होंने खुद अनंत सिंह से अनुरोध किया था कि उन्हें यह काम दिया जाए, उन्होंने स्टेज की सजावट के लिए फूलों और पेंटिंग की व्यवस्था पहले ही कर ली थी, जिसे केवल अब फाइनल टच दिया जा रहा है.
प्रदीप जायसवाल ने कहा कि बड़े-बड़े गुंबद की गुलाबी पेंटिंग कर उसे जयपुरिया टच देने का प्रयास किया जा रहा है. लाखों की भीड़ को देखते हुए गांव में चार जगह खाने की व्यवस्था की गई है. फिलहाल, डेकोरेशन में 400 से 500 कारीगर फूल, लाइट, टेंट, कारपेट समेत तमाम कार्यों में लगे हैं.
उन्होंने कहा कि अनंत सिंह भी रोज कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करते हैं और कुछ कमी रहने पर उचित निर्देश देते हैं. जयमाला के लिए स्टेज और मंडप 20 से 21 तारीख तक भव्य रूप में दिखने लगेगा. विधायक अनंत सिंह से उनको बहुत प्यार और स्नेह मिल रहा है, गांव के लोग भी उनका सहयोग कर रहे हैं.
रिपोर्ट: चंदन राय
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी की तैयारी तेज, नदावां पहुंचे मगही गायक गुंजन सिंह