)
Durga Puja 2026: पटना सिटी स्थित बड़ी पटन देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. भक्त सुबह चार बजे से ही मंदिर पहुंचकर दर्शन के लिए कतारों में खड़े हो गए. बड़ी पटन देवी मंदिर की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है. यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान पटना ही नहीं, बल्कि दूसरे जिलों और दूर-दराज के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं.
53 जगहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की है. खासकर दशहरा मेले में संभावित हादसों से निपटने के लिए पटना के प्रमुख अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. पीएमसीएच, आईजीआईएमएस, एनएमसीएच और पटना एम्स में कुल 85 बेड और 38 वेंटिलेटर रिजर्व रखे गए हैं. आईजीआईएमएस में घायलों के लिए 10 बेड और 10 वेंटिलेटर की व्यवस्था की गई है, जबकि पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में अतिरिक्त 20 बेड तैयार रखे गए हैं. पीएमसीएच में 18 से अधिक वेंटिलेटर चालू हालत में हैं और इमरजेंसी के लिए जीवनरक्षक दवाओं तथा सर्जिकल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है. वहीं, एनएमसीएच में भी डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को अलर्ट रखा गया है. दूसरी ओर, राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 53 जगहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है.
पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल
इसी तरह, बिहार के अन्य जिलों में भी शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है. सहरसा में शहर के विभिन्न मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है, जिससे पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. शहर के प्रशांत सिनेमा रोड स्थित दुर्गा मंदिर में हर बार की तरह इस बार भी बंगाल के कारीगरों द्वारा भव्य पंडाल और आकर्षक प्रतिमा का निर्माण कराया गया है. कारीगरों ने प्रतिमा को अंतिम रूप दे दिया है. इसके अलावा, पूरब बाजार कॉलेज गेट स्थित दुर्गा मंदिर और थाना चौक स्थित दुर्गा मंदिर में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
बक्सर में कुल 346 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन
सहरसा की तरह बक्सर में भी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिले में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए जिले को दो भागों में बांटकर निगरानी की जा रही है. जिलाधिकारी साहिला ने बताया कि बक्सर जिले में कुल 346 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इसे देखते हुए 199 स्थलों पर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके. वहीं, आपात स्थिति से निपटने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है. इसके तहत बक्सर में पांच और डुमरांव में तीन QRT टीमों को तैनात किया गया है.
मां दुर्गा के 81 अलग-अलग स्वरूपों की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र
वहीं, बेगूसराय में भी शारदीय नवरात्रि को लेकर चारों तरफ भक्ति और उत्साह का माहौल है. शहर से लेकर गांव तक मां दुर्गा की आराधना की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इस बार बेगूसराय के किरण सार्वजनिक दुर्गा स्थान में दुर्गा पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं. यहां भव्य पंडाल के साथ मां दुर्गा के 81 अलग-अलग स्वरूपों की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं. खास बात यह है कि इन प्रतिमाओं के निर्माण के लिए बनारस, कोलकाता और अयोध्या से मूर्तिकारों को बुलाया गया है.
गयाजी में भी दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज
उधर, गयाजी में भी दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं. शहर के कौआ स्थान देवी स्थान पर इस बार श्रद्धालुओं को आदिवासी संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की अनोखी झलक देखने को मिलेगी. यहां बांस, मिट्टी, पत्तों और पारंपरिक सामग्रियों से पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि पंडाल में 35 से 40 प्रतिमाओं के साथ भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों और गयासुर की झांकी भी देखने को मिलेगी. इसके अलावा, कृत्रिम पहाड़ से शिवलिंग पर गिरने वाला झरने का पानी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगा. इस अनोखी सजावट के जरिए पूजा समिति श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य और पारंपरिक संस्कृति से जोड़ने की तैयारी में जुटी है.
सीतामढ़ी में प्रशासन अलर्ट
सीतामढ़ी में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर डांडिया नाइट्स का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लोगों का खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम के दौरान नवरात्रि के रंगों और पारंपरिक संगीत की खूबसूरत झलक देखने को मिली. वहीं, जिले में नवरात्रि को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी अमित रंजन लगातार विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर रहे हैं. इस दौरान वे पूजा पंडालों में पहुंचकर पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं. एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई सख्त निर्देश दिए हैं.
रिपोर्ट: जी मीडिया